Thu, 09 24, 2026
देश

जयपुर में मर्सिडीज वर्कशॉप में भीषण आग, 8 कारें और महंगे पार्ट्स जले:

सीतापुरा की बालाजी मार्केट में देर रात हादसा, 10 दमकलों ने 2 घंटे में पाया काबू; 50 से ज्यादा कारें थीं खड़ी

post-img

 

 

जयपुर। सांगानेर सदर थाना क्षेत्र के सीतापुरा स्थित बालाजी मार्केट में मंगलवार देर रात मर्सिडीज कंपनी के वर्कशॉप में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने वर्कशॉप के बड़े हिस्से को चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि करीब 5 किलोमीटर दूर तक धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था।

आग से वर्कशॉप में खड़ी करीब 8 कारें, एसेसरीज और महंगे वाहन पार्ट्स जलकर खाक हो गए। हादसे के समय वर्कशॉप में नई-पुरानी मिलाकर 50 से अधिक कारें मौजूद थीं। आग तेजी से फैलने से पहले पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने कई कारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे नुकसान और बढ़ने से बच गया।

10 दमकलों ने लगाए दो दर्जन से ज्यादा फेरे

आग की सूचना मिलते ही सांगानेर सदर थाना पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोकने के लिए एहतियातन बिजली सप्लाई भी बंद कराई गई।

फायर ऑफिसर उषा शर्मा के अनुसार, करीब 10 दमकलों को आग बुझाने के काम में लगाया गया। दमकलों ने दो दर्जन से अधिक फेरे लगाए और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

सांगानेर सदर थाना अधिकारी कमलेश शर्मा ने बताया कि आग की चपेट में आने से कई वाहनों को समय रहते बचा लिया गया। हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि आग के वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन जांच के बाद स्पष्ट होगा।

Related Post