Thu, 08 06, 2026
देश

अजमेर में भरभराकर गिरने लगे मकान:

अजमेर में भरभराकर गिरने लगे मकान: आनासागर झील के एस्केप चैनल की दीवार में छेद होने से कई बिल्डिंग में दरारें, खाली कराया जा रहा इलाका

post-img

सुबह-सवेरे एक साथ कई मकान भरभराकर धराशायी हो गए। आसपास के मकानों में दरारें आ गई हैं। कई अन्य मकानों को प्रशासन ने खाली करा लिया है। फिलहाल किसी तरह की कैजुएल्टी की सूचना नहीं है। मामला अजमेर का है। यहां के सुंदर विलास कॉलोनी और ब्रह्मपुरी कॉलोनी में दहशत का माहौल है। वहां के लोगों का कहना है कि आनासागर झील के एस्केप चैनल से की जा रही पानी निकासी से मकानों में सीलन आ रही है। इससे नींव कमजोर हो रही है। इसी वजह से तमाम मकानों के गिरने की आशंका गहरा गई है। कई मकान और उनके कुछ हिस्से गिर भी गए हैं।

इस बीच, नगर निगम ने 26 मकान मालिकों को नोटिस थमाया है। आरोप है कि अतिक्रमण कर मकान बनाए गए हैं। एस्केप चैनल के एरिया में लोगों ने बिल्डिंग बना ली। आनासागर झील का वाटर लेबल बढ़ गया है। वहां से पानी की निकासी एस्केप चैनल से की जा रही है। उसकी जद में आने वाले मकानों पर खतरा मंडरा रहा है।

मकानों की नींव कमजोर हो रही
सुंदर विलास कॉलोनी के गली नंबर-1 के रहने वाले गौरीशंकर भार्गव के बेटे नितिन भार्गव कहते हैं- गुरुवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे की बात है। हमारा पूरा परिवार घर के आगे के हिस्से में बैठा था। इतने में धमाके जैसी आवाज आई। हमलोग घबरा गए। जब तक कुछ समझ पाते, हमारे घर का पिछला हिस्सा धराशायी हो चुका था। मेरा मकान पिता गौरी शंकर के नाम पर है। पड़ोस में ही ईश्वर सिंह जी का मकान है। वह पूर्व राजस्व अधिकारी हैं। उनका और हमारा मकान जॉइंट है। ईश्वर सिंह के मकान का भी हिस्सा गिरा है। फिलहाल उनके मकान में कोई नहीं रह रहा है। वह बंद है। एस्केप चैनल से आनासागर का पानी छोड़ा जा रहा है। उसी का नतीजा है कि मकानों की नींव कमजोर हो रही है और इस तरह के हादसे हो रहे हैं।

Related Post