शारदीय नवरात्र के दौरान ऑटोमोबाइल सेक्टर में ग्राहकों को लुभाने के लिए कई तरह के ऑफर लाए जा रहे हैं। जिसका बाजार में खरीद को लेकर असर भी देखने को मिल रहा है। नवरात्र के दूसरे दिन भी मेड़ता में ऑटोमोबाइल्स सेक्टर में 2 करोड़ रुपए का कारोबार हुआ।
खास बात तो यह कि नवरात्र के दिनों में भी 20 दिन पहले से रवि पुष्य नक्षत्र को लेकर कार, जीप, ट्रैक्टर, इलेक्ट्रिक स्कूटी एवं बाइकों की अग्रिम बुकिंग बाजारों में हो रही है। वहीं, दूसरी तरफ नवरात्र के इन 9 दिनों में खरीद का सिलसिला लगातार चलता रहेगा। नवरात्र में बिक्री को लेकर दुपहिया कंपनियों की ओर से उपभोक्ताओं को कई तरह के ऑफिर दिए जा रहे हैं। हीरो मोटोकॉर्प के ओमप्रकाश चौधरी ने बताया कि त्यौहारी सीजन में दुपहिया वाहनों पर छूट भी दी जा रही है। हीरो की डिलक्स पर 4500 रुपए तक कैश बोनस जैसे कई ऑफर चलाए जा रहे हैं। बजाज मोटर्स के रविंद्र सिंघवी ने बताया कि नवरात्र छूट का ग्राहक फायदा ले रहे हैं। दूसरे नवरात्र को टाटा, हुंडई, मारुति, महिंद्रा सहित चौपहिया वाहन का 80 लाख रुपए का कारोबार हुआ। वहीं पेट्रोल वाले दुपहिया वाहनों के साथ इलेक्ट्रिक स्कूटी का भी 60 लाख लाख रुपए का कारोबार हुआ।
आज सुस्त रहेगा ऑटोमोबाइल सेक्टर
शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन मंगलवार को ऑटोमोबाइल सेक्टर सुस्त नजर आएगा। आज तिथि भले ही अबूझ तीज हो लेकिन मंगलवार होने की वजह से ग्राहक दुपहिया एवं चौपहिया वाहन की खरीद नहीं करते हैं। इसको लेकर ऑटोमोबाइल सेक्टर में कारोबार कम होने की आशंका है।
