Thu, 08 06, 2026
देश

रोडवेज बस में पीछे से घुसी स्विफ्ट कार, तीन युवकों की मौत:

ओम बन्ना के दर्शन करने जा रहे थे युवक, दो गंभीर घायल जोधपुर रेफर

post-img

पाली। जिले के रोहट थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में रोडवेज बस के पीछे स्विफ्ट कार घुस जाने से तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया है। सभी युवक जोधपुर से ओम बन्ना के दर्शन के लिए पाली आ रहे थे।

रोहट थानाधिकारी पाना चौधरी ने बताया कि हादसा बांडाई मोड़ पर हुआ। मृतकों की पहचान हेमू (20) पुत्र तुलसाराम, कुशाल (21) पुत्र दिलीप और प्रवीण (18) पुत्र बाबूलाल, निवासी पांच बत्ती सांसी कॉलोनी, जोधपुर के रूप में हुई है। वहीं रौनक (21) पुत्र देवाराम और हनीश (18) पुत्र मनोज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पाली से जोधपुर की ओर जा रही रोडवेज बस के पीछे तेज रफ्तार स्विफ्ट कार जा रही थी। आशंका है कि घुमाव पर बस चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से पीछे चल रही कार अनियंत्रित होकर बस में जा घुसी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने कार में फंसे युवकों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जोधपुर रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण तेज रफ्तार और अचानक ब्रेक लगना माना जा रहा है।

Related Post