विमेंस ऐशेज के रोमांचक वनडे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 3 रन से हरा दिया। इसी के साथ 3 मैचों की वनडे सीरीज 1-1 से बराबर हो गई। पहला वनडे इंग्लैंड ने जीता था, तीसरा मुकाबला 18 जुलाई को टॉन्टन में खेला जाएगा।
रविवार को साउथैम्पटन में हुए दूसरे वनडे में इंग्लैंड को आखिरी ओवर में 15 रन की जरूरत थी। सेंचुरी बना चुकीं नैटली सीवर-ब्रंट ने 5 गेंद पर 10 रन बना लिए। आखिरी गेंद पर 5 रन चाहिए थे, ब्रंट ने मिड-विकेट की दिशा में स्लॉग स्वीप खेला, लेकिन बाउंड्री पर फील्डर ने गेंद पकड़ ली। सीवर एक ही रन ले सकीं और इंग्लैंड की टीम 3 रन से मुकाबला हार गई।
ऑस्ट्रेलिया ने लेग स्पिनर अलाना किंग के रूप में एक एक्स्ट्रा स्पिनर को मौका दिया था। उन्होंने महज 44 रन देकर इंग्लैंड के टॉप ऑर्डर को रन बनाने से रोका और 3 विकेट भी लिए। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया।
