नई दिल्ली। बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के नतीजे घोषित हो गए हैं। बिहार की बांकीपुर सीट पर जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बड़ी जीत दर्ज की, जबकि मध्य प्रदेश की दतिया सीट कांग्रेस और गुजरात की मांजलपुर सीट भाजपा के खाते में गई।
बांकीपुर में प्रशांत किशोर ने रचा इतिहास
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर प्रशांत किशोर ने 19,324 मतों के बड़े अंतर से जीत हासिल की। उन्हें 64,151 वोट (49.23%) मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार को 44,827 वोट (34.40%) प्राप्त हुए। राजद उम्मीदवार रेखा कुमारी 14,273 वोट (10.95%) के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
बांकीपुर सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की पारंपरिक सीट रही है। उनके राज्यसभा सदस्य बनने के बाद यह सीट रिक्त हुई थी, जिस पर उपचुनाव कराया गया।
भाजपा और राजद के संयुक्त वोटों से भी आगे रहे PK
उपचुनाव में भाजपा और राजद को मिलाकर 59,100 वोट मिले, जबकि अकेले प्रशांत किशोर को 64,151 वोट प्राप्त हुए। यानी उन्होंने दोनों प्रमुख दलों के संयुक्त मतों से भी 5,051 वोट अधिक हासिल किए। कुल 1,30,313 मत पड़े, जिनमें लगभग हर दूसरा मतदाता प्रशांत किशोर के पक्ष में रहा।
मतगणना के दौरान वेबसाइट पर तकनीकी गड़बड़ी
मतगणना के दौरान चुनाव आयोग की वेबसाइट पर राउंड की संख्या को लेकर तकनीकी गड़बड़ी देखने को मिली। पहले 31 राउंड की गिनती दिखाई गई, फिर अचानक 32 और 36 राउंड प्रदर्शित हुए। बाद में वेबसाइट पर दोबारा 32 राउंड की जानकारी दिखाई गई।
दतिया में कांग्रेस की जीत, भाजपा को झटका
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को 6,016 वोटों से हराया। भाजपा ने इस सीट पर पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को मैदान में उतारा था। चुनाव परिणाम में आशुतोष तिवारी नरोत्तम मिश्रा के पोलिंग बूथ पर भी बढ़त नहीं बना सके।
मांजलपुर में भाजपा का दबदबा कायम
गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार सतेन्द्रभाई (सतीश) पटेल ने कांग्रेस के भिखाभाई रबारी को 30,630 वोटों के बड़े अंतर से हराकर जीत दर्ज की। इसके साथ ही भाजपा ने इस सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा।
30 जुलाई को हुआ था मतदान
तीनों विधानसभा सीटों पर 30 जुलाई को मतदान हुआ था। घोषित नतीजों के साथ बिहार में जन सुराज को बड़ी राजनीतिक सफलता मिली, जबकि मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने महत्वपूर्ण जीत दर्ज की और गुजरात में भाजपा ने अपनी मजबूत स्थिति बनाए रखी।
