Thu, 08 06, 2026
देश

फिल्म तो दूर हम तुम्हारे साथ एक मिनट और खड़ा नहीं रह सकते:

फिल्म अभिनेता राजकुमार के जन्म दिन पर खास पेशकश...

post-img

दमदार फिल्म अभिनेता राजकुमार का असली नाम कुलभूषण पण्डित था, जो फिल्मों में आने से पहले मुंबई में पुलिस इंस्पेक्टर थे। एक बार निर्माता बलदेव दुबे किसी काम से थाने आए और उनके बातचीत के तरीके से प्रभावित होकर फिल्मों में काम करने का ऑफर दिया। जिसके बाद उन्होंने नौकरी से इस्तीफा देकर निर्माता बलदेव दुबे का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया। राजकुमार पर्दे पर ही नहीं बल्कि असल जिंदगी में भी अपनी बेबाकी, अक्खड़ मिजाज और मुंहफट इंसान के तौर पर जाने जाते हैं।

एक पार्टी के दौरान गहनों से लदा हुआ देखकर संगीतकार बप्पी लाहिड़ी को कहा कि "वाह, शानदार! एक से एक गहने पहने हो, सिर्फ मंगलसूत्र की कमी रह गई है, वो भी पहन लेते।" यह सुनते ही बप्पी दा अचम्भित रह गए।

एक मर्तबा राजकुमार और गोविंदा फिल्म जंगबाज की शूटिंग कर रहे थे, उस दिन गोविंदा ने एक शानदार शर्ट पहने हुई थी। शूटिंग ख़त्म होने के बाद राजकुमार गोविंदा से बोले तुम्हारी शर्ट बहुत शानदार है। गोविंदा बड़े आर्टिस्ट की बात सुनकर बहुत खुश हुए, गोविंदा ने राजकुमार से कहा, "सर! आपको यह शर्ट पसंद आ रही है, तो आप रख लीजिए। राजकुमार ने उनसे शर्ट ले ली। दो दिन बाद सेट पर गोविंदा ने देखा कि राजकुमार ने उस शर्ट का एक रूमाल बनवाकर अपनी जेब में रखा हुआ है।

राजकुमार की बेबाक जुबान का शिकार सुपरस्टार बिग बी भी हो चुके  हैं। बताया जाता है कि एक पार्टी में जब राजकुमार अमिताभ बच्चन से मिले तो उन्होंने उनके विदेशी सूट की तारीफ़ कर दी। तब अमिताभ ने खुश होकर उन्हें उस जगह का पता बताना चाहा, जहां से उन्होंने वह सूट खरीदा था। इससे पहले कि बिग बी कुछ बोलते, राजकुमार फिर बोल पड़े, "अरे भई!  दरअसल मुझे कुछ पर्दे सिलवाने थे।

उन दिनों जीनत अमान फिल्म इंडस्ट्री में फेमस हो गई थीं। बताते हैं इसी दौर की एक पार्टी में जीनत की मुलाकात राजकुमार से हुई। राजकुमार ने जीनत को देखा और कहा, "तुम इतनी सुंदर हो, फिल्मों में कोशिश क्यों नहीं करती?" ये बात सुनकर जीनत बहुत शॉक्ड हुईं।

प्रकाश मेहरा अपनी फिल्म जंजीर में राजकुमार को लेना चाहते थे लेकिन उन्होंने ऑफर ठुकरा दिया। राजकुमार ने इसकी दो व़जहें बताईं, पहली उन्हें प्रकाश मेहरा की सूरत अच्छी नहीं लगी और दूसरी उन्होंने कहा, "तुम्हारे पास से बिजनौरी तेल की ऐसी बदबू आ रही है, हम फिल्म तो दूर तुम्हारे साथ एक मिनट और खड़ा रहना बर्दाश्त नहीं कर सकते।"

Related Post