जयपुर। राजधानी जयपुर में रविवार को एक नए सूर्य का उदय हुआ है। यह नया सूर्य देश व समाज को नई रोशनी का संचार शब्दों से करेगा और प्रगति के नव निर्माण में अपनी महत्ती भूमिका निभाएगा। प्रतिष्ठित सामाजिक और बुद्धिजीवी लोगों की मौजूदगी में उदय हुए सूर्य का नाम है बागड़ा टाइम्स साप्ताहिक समाचार पत्र जिसका रविवार को एक भव्य कार्यक्रम में विमोचन किया गया। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हरियाणा ब्राह्मण समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष बिरदीचंद शर्मा ने कहा कि देश व समाज के विकास में पत्रकारिता का विशेष योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, इसके बिना स्वस्थ लोकतंत्र की कल्पना नहीं की जा सकती। इसलिए मीडिया की जिम्मेदारी है कि यह लोगों को जागरूक करें और समाज के अंतिम छोर पर बैठे लोगों की आवाज को निडर होकर प्रमुखता से प्रशासन के सामने उठाएं। समारोह के विशिष्ट अतिथि पुलिस उप अधीक्षक कैलाश शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि समाज को जहां भी मेरी आवश्यकता होगी, वहां मैं हमेशा तैयार रहूंगा। उन्होंने बागड़ा टाइम्स न्यूज के ऑनर गोपाल शर्मा, ओमप्रकाश शर्मा, सुनील प्रधान और संपादक हनुमान शर्मा को समाचार पत्र निकालने के लिए बधाई दी। साथ ही उन्होंने आशा जताई कि यह समाचार पत्र निष्पक्ष रूप से खबरें प्रकाशित कर समाज की पीड़ा, वेदना और ज्वलंत समस्याओं का समाधान करने में अपनी महती भूमिका निभाएगा। इस अवसर पर पिंक सिटी प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष अभय जोशी ने कहा कि निर्भीक पत्रकारिता वर्तमान समय में किसी चुनौती से कम नहीं है। पत्रकारों को हमेशा अपनी जान हथेली पर लेकर चलना पड़ता है। प्रेस क्लब के महासचिव रामेन्द्र सोलंकी ने राज्य सरकार से पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग की। इस दौरान पत्रकार राजू शर्मा, गजानंद शर्मा, रोहित सोनी, गिर्राज गुर्जर, बागड़ा समाज के जनप्रतिनिधि, व्यवसायी, महिलाओं सहित कई लोगों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम के अंत में बागड़ा टाइम्स न्यूज के ऑनर ओमप्रकाश शर्मा व गोपाल शर्मा ने अतिथियों और आगंतुकों का आभार जताया और आशा व्यक्त करते हुए कहा कि बागड़ा टाइम्स न्यूज को पाठकों, समाजबंधुओं का साथ मिलता रहेगा।
