जयपुर। जयपुर-भीलवाड़ा मेगा हाईवे पर जगन्नाथपुरा ग्राम पंचायत के सामने फैक्ट्रियों से निकलने वाला दूषित एवं केमिकलयुक्त पानी सड़क पर बहने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर लगातार पानी जमा रहने से विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय ग्रामीण दिनेश बागड़ा, शुभम लोदवाल और राजूलाल अचरावाला ने बताया कि क्षेत्र की फैक्ट्रियों से निकलने वाला गंदा और रसायनयुक्त पानी बिना किसी उपचार के सीधे हाईवे पर छोड़ा जा रहा है। इसके कारण सड़क का एक हिस्सा हमेशा गीला और फिसलनभरा बना रहता है। बारिश के मौसम में हालात और अधिक गंभीर हो जाते हैं तथा दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि दूषित पानी से उठने वाली तेज दुर्गंध के कारण आसपास के लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। लगातार बदबू और गंदगी से संक्रामक बीमारियां फैलने का भी खतरा बना हुआ है। इसी मार्ग से स्कूली बच्चे, पैदल राहगीर और बड़ी संख्या में वाहन प्रतिदिन गुजरते हैं, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभागों की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। कई बार शिकायतें करने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण मंडल से मांग की है कि फैक्ट्रियों से हाईवे पर छोड़े जा रहे दूषित पानी को तत्काल बंद कराया जाए, दोषी इकाइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा सड़क पर फैले गंदे पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि राहगीरों को सुरक्षित आवागमन मिल सके।
