जयपुर। जयपुर-अजमेर हाईवे पर बगरू थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक और एक युवती की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रात करीब 2 बजे बड़ के बालाजी के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो बारिश के कारण अनियंत्रित होकर तीन बार पलटने के बाद डिवाइडर की रेलिंग से टकराकर रुक गई। मृतकों की पहचान श्रीमाधोपुर (सीकर) निवासी अमन मान (21) और डूंगरगढ़ (बीकानेर) निवासी रेवती (24) के रूप में हुई है। वहीं झाड़ली (सीकर) निवासी नितेश (24) घायल हो गया, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। बगरू थाना पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से चल रही थी। बारिश के कारण सड़क पर जमा पानी में वाहन का संतुलन बिगड़ गया। चालक द्वारा ब्रेक लगाने पर स्कॉर्पियो लगातार तीन बार पलटी और डिवाइडर की रेलिंग पर चढ़कर रुक गई। हादसे के दौरान स्कॉर्पियो की खिड़कियों के शीशे टूट गए। पुलिस के अनुसार सीट बेल्ट नहीं लगाने के कारण रेवती वाहन से बाहर सड़क पर जा गिरी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक अमन स्टेयरिंग और सीट के बीच बुरी तरह फंस गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल में उसे भी मृत घोषित कर दिया। पुलिस टीम ने वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के कपड़े खून से सन गए। घायल नितेश की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों युवक-युवती रात में स्कॉर्पियो लेकर घूमने निकले थे। पुलिस को वाहन के अंदर से शराब की बोतल भी मिली है। ऐसे में ड्रिंक एंड ड्राइव की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि शराब सेवन की पुष्टि मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तेज रफ्तार, बारिश और सड़क पर भरा पानी हादसे के प्रमुख कारण प्रतीत हो रहे हैं। मेडिकल रिपोर्ट और अन्य तकनीकी जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
100 से अधिक की रफ्तार बनी हादसे की वजह
सीट बेल्ट नहीं पहनने से गई जान
घायल को बचाने में खून से सन गए पुलिसकर्मी
कार से शराब की बोतल मिली, जांच जारी
पुलिस कर रही हादसे की जांच
देश
जयपुर-अजमेर हाईवे पर दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो तीन बार पलटी, युवक-युवती की मौत:
बारिश में अनियंत्रित हुई कार, एक युवक घायल; वाहन से शराब की बोतल मिलने के बाद ड्रिंक एंड ड्राइव की आशंका
- by रितेश पारीक
- Aug 07,2026
- 250 Comments
- 2 minute read
- 3,250 Views
Popular Tags:
Related Post
Stay Connected
Popular News
Hot Categories
Subscribe To Our Newsletter
No spam, notifications only about new products, updates.
Don’t worry, we don’t spam
