Thu, 08 06, 2026
देश

चेराई सामूहिक हत्याकांड मामले में 40 घंटे बाद धरना खत्म:

चेराई सामूहिक हत्याकांड मामले में 40 घंटे बाद धरना खत्म:मांगों पर सहमति बनने के बाद अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए ग्रामीण

post-img

जोधपुर के ओसियां के चेराई में गंगाणियों की ढाणी में बुधवार सुबह हुए सामूहिक हत्याकांड के बाद गुरुवार को दिन भर शवों का अंतिम संस्कार नहीं हुआ। पूरे दिन ग्रामीणों व परिवार से प्रशासन की वार्ता चली। शाम को दूसरे दौर की वार्ता में शवों के अंतिम संस्कार पर सहमति बनी। परिवार की ओर से चेराई चौकी पर एक डेलिगेशन कलेक्टर हिमांशु गुप्ता व एसपी ग्रामीण धर्मेंद्र यादव से वार्ता के लिए पहुंचा, जिसमें मांगों पर सहमति बनने के बाद अंतिम संस्कार पर सहमति बन गई।

मांगों को लेकर बुधवार से ही ढाणी में ग्रामीण धरना लगाए बैठे थे। इस दौरान जोधपुर ग्रामीण एसपी धर्मेंद्र यादव, कलेक्टर हिमांशु गुप्ता सहित पुलिस और प्रशासन का पूरा जाब्ता तैनात था। बुधवार दिन भर चले धरने के बाद गुरुवार को भी वार्ता का दौर चला। इस दौरान परिवार के 2 सदस्यों को संविदा पर नौकरी, परिवार की सुरक्षा के लिए पुलिस चौकी लगाने पर सहमति बन गई है। वहीं उचित मुआवजे के लिए प्रशासन की ओर से राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा। इन मांगों पर सहमति बनने के बाद करीब 40 घंटों से चल रहा गतिरोध खत्म हो गया और शवों के अंतिम संस्कार पर सहमति बन गई। परिजन रात में ही हिंदू रीति रिवाज से अंतिम संस्कार करेंगे।

घटनास्थल पर ओसियां विधायक दिव्या मदेरणा, पूर्व मंत्री भैराराम सियोल, खींवसर से आरएलपी विधायक नारायण बेनीवाल, भोपालगढ़ विधायक पुखराज गर्ग, मेड़ता विधायक इंदिरा बावरी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और हजारों की संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।

 

Related Post