कप्तान रोहित शर्मा के ऐतिहासिक 31वें वनडे शतक के बूते भारत ने वर्ल्ड कप 2023 में अफगानिस्तान पर 90 गेंद पहले एकतरफा जीत दर्ज की। प्लेयर ऑफ द मैच रोहित शर्मा ने 84 गेंद में 131 रन की रिकॉर्ड्स से भरी पारी खेली। विराट कोहली 56 गेंद में 56 रन बनाकर नाबाद रहे। पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया को हराने के बाद यह भारत की लगातार दूसरी जीत थी। 1.50 नेट रनरेट के साथ भारत अब पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर आ चुका है। न्यूजीलैंड 1.9 नेट रनरेट के साथ पहली पोजिशन पर है। अरुण जेटली स्टेडियम में आठ विकेट की यह विशाल जीत पाकिस्तान के खिलाफ 14 अक्टूबर को अहमदाबाद में होने वाले बड़े मुकाबले से पहले आत्मविश्वास बढ़ाने का काम करेगी। मुकाबले में टॉस जीतकर अफगानिस्तान ने निर्धारित 50 ओवर में 272/8 का स्कोर खड़ा किया था। जवाब में भारत ने ओवर में 35वें ओवर में विराट कोहली के विनिंग चौके के साथ दो विकेट खोकर मैदान मार लिया। श्रेयस अय्यर ने 23 गेंद में 25 रन की नाबाद पारी खेली। ईशान किशन 47 गेंद में 47 रन बनाकर आउट होने वाले पहले बल्लेबाज थे।
रिकॉर्डतोड़ रोहित के प्रहार से जीता मैच
16 चौके और पांच छक्कों की मदद से 131 रन बनाने के अलावा रोहित शर्मा ने ईशान किशन (47) के साथ पहले विकेट के लिए 112 गेंद में 156 रन और विराट कोहली (नाबाद 55) के साथ दूसरे विकेट के लिए 42 गेंद में 49 रन की साझेदारी की। लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित ने फजलहक फारुकी के खिलाफ आक्रामक तेवर दिखाते हुए बायें हाथ के इस गेंदबाज के शुरूआती चार ओवर में पांच चौके और दो छक्के जड़े।
