Fri, 08 07, 2026
देश

बिजासन माता मंदिर में श्रद्धालु भाई-बहन से मारपीट, वीडियो वायरल; 5 आरोपी गिरफ्तार:

खिलौने खरीदने के दौरान दुकानदार से हुआ था झगड़ा

post-img

बूंदी। जिले के इंद्रगढ़ स्थित प्रसिद्ध बिजासन माता मंदिर में दर्शन करने आए भाई-बहन के साथ दुकानदार और उसके साथियों द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। घटना 20 जुलाई की बताई जा रही है, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि जांच जारी है।

खिलौने खरीदने के दौरान हुआ विवाद

इंद्रगढ़ थाना पुलिस के अनुसार, पीड़िता हेमलता बैरवा, पत्नी सत्यनारायण बैरवा, निवासी सुवास थाना किशनगंज (बारां), ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया कि वह अपने भाई रवि प्रकाश के साथ बिजासन माता मंदिर में आयोजित सामूहिक रसोई कार्यक्रम में शामिल होने आई थीं। मंदिर परिसर में एक दुकान से खिलौने खरीदने के दौरान दुकानदार से कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

लाठी-डंडों से किया हमला, बहन भी हुई घायल

थानाधिकारी भोजाराम ने बताया कि विवाद बढ़ने पर दुकानदार और उसके साथियों ने रवि प्रकाश के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची बहन हेमलता के साथ भी मारपीट की गई। घटना में दोनों घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।

वीडियो आया सामने, 5 आरोपी गिरफ्तार

मारपीट की पूरी घटना का किसी ने मोबाइल से वीडियो बना लिया, जो अब सामने आया है। पुलिस ने घायलों का इंद्रगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल करवाया और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने ओमप्रकाश योगी, इंद्रजीत, गोविंद लाल, नरेंद्र और दीपक को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच एएसआई विजेंद्र सिंह कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर अफवाहों से बचने की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मामले से जुड़ी किसी भी प्रकार की भ्रामक या अपुष्ट जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करें। जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखें।

श्रद्धालुओं में नाराजगी

घटना के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में नाराजगी है। उनका कहना है कि धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है तथा ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

Related Post