Thu, 08 06, 2026
देश

अमरनाथ यात्रा से लौट रहे राजस्थान के श्रद्धालुओं की बस में लगी भीषण आग, बड़ा हादसा टला:

समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला, बस जलकर हुई राख

post-img

रामबन/जम्मू। अमरनाथ यात्रा से दर्शन कर लौट रहे राजस्थान के श्रद्धालुओं की बस में गुरुवार शाम जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में बस जलकर राख हो गई। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी श्रद्धालुओं को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग बस का टायर फटने के बाद लगी। आग तेजी से फ्यूल टैंक तक पहुंच गई और पूरी बस धू-धू कर जलने लगी। स्थानीय प्रशासन, सीआरपीएफ और दमकल विभाग की तत्परता से सभी यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया।

सलूंबर जिले के श्रद्धालु कर रहे थे यात्रा

जानकारी के अनुसार बस में सवार श्रद्धालु राजस्थान के सलूंबर जिले के सराड़ा ब्लॉक के ढाकड़ा गांव के निवासी थे। श्रद्धालु 9 जुलाई को दो बसों में अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुए थे। इनमें एक बड़ी बस और दूसरी 16 सीटर बस शामिल थी। दर्शन करने के बाद सभी श्रद्धालु बालटाल से लौट रहे थे। गुरुवार शाम करीब 3:45 बजे रामबन जिले के करोल क्षेत्र में यह हादसा हो गया।

रास्ते में रुकी गाड़ियों से मिला आग लगने का संकेत

पीछे चल रही दूसरी बस में सवार श्रद्धालु देवीलाल डांगी ने बताया कि ट्रैफिक रुकने के दौरान आगे मौजूद वाहन चालकों ने बस चालक को आग लगने की सूचना दी। इसके बाद पीछे चल रही बस के यात्री तुरंत नीचे उतरे और जलती बस में बैठे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।

बस में रखा सामान, नकदी और मोबाइल जलकर खाक

हादसे में किसी भी यात्री की जान नहीं गई, लेकिन बस में रखा यात्रियों का सामान, कपड़े, नकदी, मोबाइल फोन और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। श्रद्धालुओं ने बताया कि उनकी पूरी यात्रा का सामान आग में नष्ट हो गया।

सीआरपीएफ और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही सीआरपीएफ की 84वीं बटालियन के जवान, स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सीआरपीएफ 84वीं बटालियन के कमांडेंट विजय सिंह खटाना ने बताया कि बस के टायर में आग लगने के बाद आग तेजी से फैल गई थी। जवानों ने तत्काल सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया। उनके अनुसार बस में 52 यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित हैं।

प्रशासन ने यात्रियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था की

हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं के भोजन, ठहरने और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की। देर रात करीब साढ़े दस बजे यात्रियों को सुरक्षित जम्मू पहुंचाया गया, जहां उन्हें रात्रि विश्राम कराया गया। इसके बाद उनके सुरक्षित राजस्थान लौटने की व्यवस्था शुरू की गई।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने लिया घटनाक्रम का जायजा

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटना की जानकारी साझा करते हुए बताया कि करोल क्षेत्र में टायर फटने के कारण बस में आग लगी। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों और रामबन के डिप्टी कमिश्नर से पूरे घटनाक्रम की समीक्षा कर श्रद्धालुओं को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा उनके सुरक्षित राजस्थान लौटने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

श्रद्धालुओं ने कहा— भगवान की कृपा से बच गई जान

श्रद्धालुओं ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस जल गई। यदि थोड़ी भी देर हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। यात्रियों ने सीआरपीएफ, स्थानीय प्रशासन और बचाव दल का आभार जताते हुए कहा कि भगवान भोलेनाथ की कृपा और समय पर राहत कार्य के कारण सभी श्रद्धालुओं की जान बच गई।

Related Post