भारत-वेस्टइंडीज के बीच टेस्ट सीरीज में आखिरी टेस्ट का पहला दिन रोमांच से भरा रहा। यह दोनों टीमों के बीच खेला गया 100वां टेस्ट भी है। दिन के खेल में भारतीय ओपनर यशस्वी जायसवाल को जीवनदान मिला, एलीक एथनाज ने उनका आसान सा मौका गंवाया।
तेज गेंदबाज शैनन गेब्रियल ने टीम इंडिया के उप कप्तान अंजिक्य रहाणे के स्टंप्स बिखेर दिए। गेंद इतनी तेज थी कि स्टंप हवा में घूमते हुए 4 मीटर दूर जमीन पर जा गिरा। पहले दिन के ऐसे ही टॉप मोमेंट्स इस स्टोरी में हम जानेंगे...
1. लंच से ठीक पहले जायसवाल को जीवनदान
पहला सेशन खत्म होने में कुछ ही ओवर बचे थे, तभी भारतीय ओपनर यशस्वी जायसवाल को जीवनदान मिला। 26वें ओवर की पांचवीं गेंद जेसन होल्डर ने फुल लेंथ फेंकी। यशस्वी इस पर ड्राइव करने गए, लेकिन बॉल बैट का बाहरी किनारा लेकर फर्स्ट स्लिप की दिशा में चली गई। जहां मौजूद एलीक एथनाज ने कैच करने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके हाथ से छिटक गई।
जीवनदान के समय यशस्वी 52 रन पर बैटिंग कर रहे थे। हालांकि वह जीवनदान का फायदा नहीं उठा सके और 57 रन के स्कोर पर होल्डर का ही शिकार हुए। वह दूसरे सेशन में 32वें ओवर में आउट हुए।
2. गेब्रियल ने रहाणे को बोल्ड किया, स्टंप 4 मीटर दूर जा कर गिरा
भारतीय टीम के उप कप्तान अजिंक्य रहाणे फिर फ्लॉप रहे और 8 रन बनाकर वापस लौट गए। उन्हें वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज शैनन गेब्रियल ने 51वें ओवर की चौथी बॉल पर बोल्ड किया। रहाणे ऑफ स्टंप की इस बॉल को बैकफुट पर खेलना चाहते थे, लेकिन बॉल उनके बैट के किनारे से लगकर स्टंप की ओर चली गई। गेब्रियल की बॉल इतनी तेज थी कि स्टंप करीब 4 मीटर दूर हवा में घूमते हुए जमीन पर जा गिरा।
