भगवान जगन्नाथ के दर्शन के दौरान बढ़ी भीड़, धक्का-मुक्की से मचा हड़कंप
पुरी (ओडिशा)। भगवान जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा के दौरान गुरुवार शाम भगदड़ मचने से एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 100 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया है।
जानकारी के अनुसार शाम करीब 5 बजे पहांडी रस्म के दौरान भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु रथों की ओर बढ़ने लगे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए तैनात स्वयंसेवक लोगों को पीछे हटाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान धक्का-मुक्की शुरू हो गई और देखते ही देखते भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई लोग एक-दूसरे पर गिर पड़े, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालु घायल हो गए।
घटना के समय पुरी में तेज बारिश हो रही थी। इसके बावजूद रथयात्रा मार्ग पर 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं की मौजूदगी बताई जा रही है। रथयात्रा श्री जगन्नाथ मंदिर से करीब 3 किलोमीटर दूर स्थित गुंडीचा मंदिर तक निकाली जा रही है।
घायलों का अस्पताल में उपचार
भगदड़ में घायल श्रद्धालुओं को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रशासन ने आशंका जताई है कि घायलों की संख्या बढ़ सकती है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
पुरी रथयात्रा के दौरान इससे पहले भी भगदड़ की घटनाएं हो चुकी हैं।
- 18 जुलाई 2015: नवकलेवर वर्ष में अत्यधिक भीड़ के कारण भगदड़ मचने से 2 महिलाओं की मौत और 6 लोग घायल हुए थे।
- 29 जून 2025: गुंडिचा मंदिर के बाहर सरधाबली क्षेत्र में मची भगदड़ में 3 श्रद्धालुओं की मौत हुई थी, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हुए थे। इस घटना के बाद राज्य सरकार ने न्यायिक जांच के आदेश दिए थे और कई अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था का पालन करें और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में संयम बनाए रखें।
