Thu, 08 06, 2026
विदेश

आज भारत-जिम्बाब्वे दूसरा टी-20: जीत के साथ सीरीज पर कब्जा करने उतरेगी टीम इंडिया:

हरारे में शाम 4:30 बजे मुकाबला, 1-0 की बढ़त के साथ उतरेगा भारत; ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी नजरें

post-img

स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे शुरू होगा। पहले मुकाबले में 7 विकेट से जीत दर्ज करने वाली भारतीय टीम सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाए हुए है और आज का मैच जीतकर सीरीज अपने नाम करना चाहेगी।

लगातार तीसरी टी-20 सीरीज जीतने का मौका

भारत के पास जिम्बाब्वे के खिलाफ लगातार तीसरी टी-20 सीरीज जीतने का मौका है। दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए 15 टी-20 इंटरनेशनल मुकाबलों में भारत ने 12 मैच जीते हैं, जबकि जिम्बाब्वे को केवल 3 जीत मिली हैं।

ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी पर होंगी निगाहें

पहले टी-20 में ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने शानदार अर्धशतक लगाकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। वहीं, ईशान किशन भी इस साल शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने 2026 में 21 टी-20 मैचों में 702 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 180.46 रहा है और वे एक शतक भी लगा चुके हैं।

गेंदबाजी में शिवम दुबे भारतीय टीम के सबसे सफल गेंदबाज हैं। उन्होंने इस साल 22 मैचों में 14 विकेट लिए हैं।

बेनेट और मुजरबानी जिम्बाब्वे की ताकत

जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी की जिम्मेदारी ब्रायन बेनेट पर रहेगी, जिन्होंने इस साल 10 मैचों में 394 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में ब्लेसिंग मुजरबानी टीम के सबसे प्रभावी गेंदबाज रहे हैं। उन्होंने 10 मैचों में 19 विकेट लिए हैं और पहले मुकाबले में भी दो विकेट झटके थे।

पिच रिपोर्ट और मौसम

हरारे स्पोर्ट्स क्लब की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है, लेकिन नई गेंद से तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवरों में स्विंग और सीम मिल सकती है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है। मौसम विभाग के अनुसार मैच के दौरान मौसम साफ रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है। तापमान 7 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

संभावित प्लेइंग-11

भारत: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव, मयंक यादव और अशोक शर्मा।

जिम्बाब्वे: ब्रायन बेनेट, तादिवानाशे मारुमानी, बेन करन, डिओन मायर्स, सिकंदर रजा (कप्तान), रयान बर्ल, वेस्ली मधेवेरे, ब्रैड इवांस, न्यूमैन न्यामहुरी, रिचर्ड नगारवा और ब्लेसिंग मुजरबानी।

Related Post