Thu, 08 06, 2026
देश

अजिंक्य रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा, 15 साल के करियर का किया समापन:

वीडियो जारी कर संन्यास का ऐलान, विराट कोहली बोले- 'मेरे पसंदीदा टेस्ट बल्लेबाजी साझेदार रहे'

post-img

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी। 38 वर्षीय रहाणे ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर भावुक वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा कि अब उनके लिए आगे बढ़ने का यही सही समय है। उनके संन्यास के साथ भारतीय क्रिकेट के एक सफल अध्याय का समापन हो गया।

रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले। अपने शांत स्वभाव, तकनीकी रूप से मजबूत बल्लेबाजी और कठिन परिस्थितियों में टीम को संभालने की क्षमता के कारण उन्होंने भारतीय क्रिकेट में अलग पहचान बनाई।

कोहली ने दी भावुक विदाई

रहाणे के संन्यास पर पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा, "जिंक्स, शानदार करियर के लिए बधाई दोस्त। भारतीय क्रिकेट के लिए आपका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। अपने सफर पर गर्व कर सकते हो। स्लिप में सबसे भरोसेमंद हाथ और टेस्ट क्रिकेट में मेरे पसंदीदा बल्लेबाजी साझेदार रहे। आपके भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं।"

ऑस्ट्रेलिया दौरे की कप्तानी बनी करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि

अजिंक्य रहाणे के करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि 2020-21 का ऑस्ट्रेलिया दौरा रहा। एडिलेड टेस्ट में भारत के 36 रन पर सिमटने और विराट कोहली के स्वदेश लौटने के बाद रहाणे ने टीम की कमान संभाली। मेलबर्न टेस्ट में शानदार शतक लगाकर भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाई और श्रृंखला 1-1 से बराबर कराई।

इसके बाद उनकी कप्तानी में भारत ने ब्रिस्बेन के गाबा मैदान पर ऑस्ट्रेलिया को हराकर 2-1 से सीरीज अपने नाम की। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया का गाबा में 32 वर्षों से चला आ रहा अजेय रिकॉर्ड भी टूट गया। यह उपलब्धि भारतीय क्रिकेट इतिहास की सबसे यादगार जीतों में गिनी जाती है।

2011 में किया था अंतरराष्ट्रीय पदार्पण

रहाणे ने अगस्त 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच से भारतीय टीम में पदार्पण किया। इसके बाद सितंबर 2011 में वनडे और मार्च 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया।

उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट जुलाई 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ पोर्ट ऑफ स्पेन में खेला। वहीं, वनडे में आखिरी मुकाबला फरवरी 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ और टी-20 अंतरराष्ट्रीय में आखिरी मैच अगस्त 2016 में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था।

शानदार करियर को मिला सम्मान

अपने 15 वर्ष लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर में अजिंक्य रहाणे ने कई यादगार पारियां खेलीं और विदेशी सरजमीं पर भारत की कई ऐतिहासिक जीतों में अहम भूमिका निभाई। खासकर टेस्ट क्रिकेट में उनकी बल्लेबाजी, कप्तानी और स्लिप फील्डिंग को हमेशा याद किया जाएगा। उनके संन्यास के साथ भारतीय क्रिकेट के एक भरोसेमंद और सधे हुए बल्लेबाज का अंतरराष्ट्रीय सफर समाप्त हो गया।

Related Post