नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के अगले दो घरेलू सीजन के लिए मुथूट फिनकॉर्प नया टाइटल स्पॉन्सर बन गया है। कंपनी को भारत में होने वाले अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट मैचों के टाइटल स्पॉन्सरशिप राइट्स 31 मार्च 2028 तक मिले हैं। इस अवधि में भारतीय जमीन पर करीब 35 घरेलू अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जाने हैं।
नई स्पॉन्सरशिप को ‘ब्लू मुथूट’ नाम से पेश किया जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक, डील के लिए करीब 4.85 करोड़ रुपए प्रति मैच का बेस प्राइस तय किया गया था। हालांकि, अंतिम राशि और करार की अन्य शर्तों की आधिकारिक पुष्टि बीसीसीआई के बयान के बाद ही स्पष्ट होगी।
वेस्टइंडीज सीरीज से नई ब्रांडिंग
मुथूट फिनकॉर्प की स्पॉन्सरशिप का असर 27 सितंबर से शुरू होने वाली भारत-वेस्टइंडीज वनडे सीरीज से दिखाई देगा। सीरीज का पहला मुकाबला केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा। यह मुथूट फिनकॉर्प के लिए खास भी है, क्योंकि कंपनी की जड़ें केरल से जुड़ी हैं।
अगले दो घरेलू सीजन में भारत में कुल 10 टेस्ट, 12 वनडे और 13 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाने हैं। इनके अलावा घरेलू क्रिकेट के मुकाबलों पर भी नए टाइटल स्पॉन्सर की ब्रांडिंग दिखाई देगी।
बोली प्रक्रिया में नहीं मिला था खरीदार
नए टाइटल स्पॉन्सर की घोषणा में देरी के पीछे प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया में पर्याप्त बोलीदाताओं का सामने नहीं आना प्रमुख वजह रही। बीसीसीआई के Invitation to Tender (ITT) के मुताबिक, टाइटल स्पॉन्सर का चयन प्रतिस्पर्धी बोली के जरिए किया जाना था और प्रक्रिया अगस्त में पूरी होनी थी।
बोली प्रक्रिया में अपेक्षित प्रतिक्रिया नहीं मिलने के बाद बीसीसीआई ने संभावित कंपनियों के साथ सीधे बातचीत शुरू की। रिपोर्ट के अनुसार, Google Gemini, IDFC First Bank, Spinny और SBI Life जैसी कंपनियों से भी संपर्क किया गया था।
IDFC First Bank का तीन साल का करार खत्म
मुथूट फिनकॉर्प से पहले IDFC First Bank सितंबर 2023 से अगस्त 2026 तक भारतीय क्रिकेट का टाइटल स्पॉन्सर रहा। तीन साल के करार के दौरान बैंक को भारत में होने वाले पुरुष और महिला क्रिकेट के अंतरराष्ट्रीय तथा घरेलू मुकाबलों के टाइटल स्पॉन्सरशिप अधिकार मिले थे।
इस करार के तहत IDFC First Bank बीसीसीआई को करीब 4.2 करोड़ रुपए प्रति मैच का भुगतान करता था। अगस्त 2026 में करार समाप्त होने के बाद बीसीसीआई ने नए टाइटल स्पॉन्सर की तलाश शुरू की थी।
अब मुथूट फिनकॉर्प के साथ नया करार भारतीय क्रिकेट के अगले दो घरेलू सत्रों में दिखाई देगा और इसकी शुरुआत केरल में होने वाली भारत-वेस्टइंडीज वनडे सीरीज से होगी।
