अब बालिका व महिलाओं के लिए रोडवेज का सफर सस्ता होगा। मासिक पास पर 90 प्रतिशत छूट मिलेगी। प्रदेश में बालिका और महिलाओं के लिए राजस्थान रोडवेज का सफर अब सुहाना होगा। बालिका और महिलाओं को रोडवेज का मासिक पास बनवाने पर किराए में 90 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। परिवहन एवं सडक़ सुरक्षा विभाग राजस्थान के शासन उप सचिव नथमल डिडेल ने इस सम्बन्ध में आदेश जारी कर दिए। इसके बाद से डिपो ने भी तैयारी शुरू कर दी है।
बालिकाओं को 75 किमी तक मिलेगी छूट
जिले की कॉलेज में अध्ययनरत छात्राओं को 75 किलोमीटर क्षेत्र में किराए में 90 प्रतिशत की छूट मिलेगी। इसके लिए छात्राओं को कॉलेज में प्राचार्य से प्राप्त फॉर्म, आधार कार्ड व घर का पता देना होगा। इसके बाद छात्राओं के पास बनेंगे।
अब तक मिल रही थी 50 फीसदी की छूट
बालिकाओं और महिलाओं को अब तक राजस्थान रोडवेज बसों में यात्रा के लिए मासिक पास बनवाने पर किराए में 50 प्रतिशत की छूट दी जा रही थी, लेकिन अब राजस्थान रोडवेज की साधारण व एक्सप्रेस बसों में राज्य की सीमा में 90 प्रतिशत छूट प्रदान की जाएगी। यह सुविधा मासिक पास में वर्णित सम्बिन्धत बस स्टैंड के लिए यात्रा करने के लिए आरएफआईडी कार्ड के माध्यम से दी जाएगी।
राज्य सरकार करेगी 45 प्रतिशत पुनर्भरण
इस रियायती यात्रा से निगम पर वास्तविक रूप से कारित होने वाले अतिरिक्त वित्तीय भार 45 प्रतिशत का पुनर्भरण राज्य सरकार से निगम को किया जाएगा। प्रतिमाह के इस वित्तीय भार की सूचनाओं के विवरण आगारों के मुख्य प्रबंधकों की ओर से सांख्यिकी शाखा मुख्यालय जयपुर को भेजनी होगी।
