Thu, 08 06, 2026
देश

आशा सहयोगिनी अल्का सेन के परिवार को 25 लाख मुआवजा और नौकरी देने की मांग:

बारां में आशा सहयोगिनी कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, मांगें नहीं मानी तो आंदोलन की चेतावनी

post-img

बारां। राजसमंद जिले में ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में जान गंवाने वाली आशा सहयोगिनी अल्का सेन के परिवार को 25 लाख रुपये का मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग को लेकर मंगलवार को बारां जिला आशा सहयोगिनी कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। संघ ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशभर में उग्र आंदोलन किया जाएगा।

दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि

ज्ञापन सौंपने से पहले आशा सहयोगिनियों ने दिवंगत अल्का सेन को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। जिलाध्यक्ष इन्द्रा कुमारी सुमन और महामंत्री ममता तलेटिया के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि अल्का सेन 27 जुलाई को दो हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद घर लौट रही थीं। 28 जुलाई की सुबह कांकड़ोली क्षेत्र में एक ट्रेलर की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।

स्वास्थ्य व्यवस्था की अहम कड़ी हैं आशा सहयोगिनियां

संघ ने ज्ञापन में कहा कि आशा सहयोगिनियां स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, लेकिन उन्हें मात्र 4,959 रुपये प्रतिमाह मानदेय पर 24 घंटे सेवाएं देनी पड़ती हैं। दूर-दराज के क्षेत्रों में लगातार कार्य करने के बावजूद उन्हें पर्याप्त सुरक्षा और सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में सरकार को दिवंगत अल्का सेन के परिवार को आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी देकर न्याय सुनिश्चित करना चाहिए।

नौ प्रमुख मांगें रखीं

संघ ने सरकार के समक्ष कई मांगें भी रखीं। इनमें आशा सहयोगिनियों को स्थायी राज्यकर्मी का दर्जा देना, संविदा कैडर रूल-2022 में शामिल करना, न्यूनतम मजदूरी के अनुरूप मानदेय बढ़ाना, प्रतिवर्ष 25 प्रतिशत मानदेय वृद्धि, सेवानिवृत्ति पर 25 लाख रुपये का पैकेज, 15 हजार रुपये मासिक पेंशन, आरजीएचएस सुविधा, दुर्घटना या बीमारी से मृत्यु होने पर 25 लाख रुपये की सहायता और आश्रित को सरकारी नौकरी, प्रोत्साहन राशि तीन गुना करना, बकाया भुगतान जारी करना तथा ड्रेस को सफेद एप्रन में बदलने की मांग शामिल है।

बड़ी संख्या में आशा सहयोगिनियां रहीं मौजूद

ज्ञापन सौंपने के दौरान उपाध्यक्ष सीमा रानी, ललिता यादव, हेमलता मेहरा, तस्वीर बाई मीणा, कलावती सुमन, सुनीता मीणा, मालती मेघवाल, संतोष सेन, साधना, मनभर वैष्णव, सावित्री गोचर, कविता मालव, गीता बाई सहित जिलेभर की बड़ी संख्या में आशा सहयोगिनियां उपस्थित रहीं।

Related Post