Thu, 08 06, 2026
देश

भरतपुर में महिला को एक साथ दो सांपों ने काटा, परिजन कोबरा को मारकर और धामन को पकड़कर अस्पताल पहुंचे:

ईंटें उठाते समय हुआ हादसा, समय पर एंटी वेनम मिलने से बची महिला की जान

post-img

 

 

भरतपुर। जिले के बयाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक महिला को एक साथ दो सांपों ने काट लिया। महिला के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो ईंटों के ढेर के बीच एक कोबरा और एक धामन सांप बैठे मिले। परिजनों ने कोबरा को लाठी-डंडों से मार डाला, जबकि धामन को पकड़कर कट्टे में बंद कर दिया। इसके बाद महिला और दोनों सांपों को लेकर अस्पताल पहुंच गए।

ईंटों के बीच छिपे थे दोनों सांप

महिला के भतीजे नरेंद्र सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश के रछुआ जगनेर स्थित घर में निर्माण कार्य चल रहा था। शनिवार सुबह उनकी बुआ बबीता (48) ईंटें उठा रही थीं। इसी दौरान ईंटों के बीच छिपे कोबरा और धामन सांप ने उनके हाथ पर काट लिया।

महिला के चिल्लाने पर परिजन दौड़कर पहुंचे और ईंटों के बीच दोनों सांपों को देखा। इसके बाद कोबरा को मार दिया गया, जबकि धामन को पकड़कर कट्टे में डाल लिया गया।

सांपों के साथ अस्पताल पहुंचे परिजन

परिजन पहले महिला को जगनेर अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें आगरा रेफर किया गया। इसके बाद वे महिला को बयाना अस्पताल लेकर पहुंचे और डॉक्टरों को पूरी घटना बताने के साथ कट्टे में बंद दोनों सांप भी दिखाए। अस्पताल में सांपों को देखकर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कोबरा का जहर फैलने लगा था

बयाना अस्पताल के चिकित्सक डॉ. जोगेंद्र सिंह ने बताया कि धामन जहरीला नहीं होता, लेकिन कोबरा के काटने से महिला के शरीर में जहर फैलने लगा था। इसका असर उनकी आंखों पर भी दिखाई देने लगा था। समय रहते महिला को एंटी वेनम इंजेक्शन दिया गया, जिससे उसकी हालत में सुधार हुआ। फिलहाल महिला खतरे से बाहर बताई जा रही है।

समय पर इलाज से टला बड़ा हादसा

चिकित्सकों ने बताया कि सांप के काटने के मामलों में बिना देरी किए अस्पताल पहुंचना सबसे जरूरी होता है। समय पर उपचार मिलने से इस मामले में महिला की जान बच गई।

Related Post