Thu, 08 06, 2026
देश

सवाई माधोपुर में घर में घुसा लेपर्ड, सो रही बुजुर्ग महिला को दबोचकर 10 मीटर तक घसीटा:

बेटे ने पैर पकड़कर मां को बचाया, आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग कार्यालय में की तोड़फोड़

post-img

 

 

सवाई माधोपुर। जिले के फलोदी रेंज क्षेत्र के टोडरा गांव में रविवार देर रात एक लेपर्ड ने घर में घुसकर चारपाई पर सो रही 78 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर हमला कर दिया। लेपर्ड महिला को गर्दन और सिर से दबोचकर करीब 10 मीटर तक घसीट ले गया। महिला के बेटे की सूझबूझ और परिवार के शोर मचाने पर लेपर्ड महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।

दीवार फांदकर घर में घुसा लेपर्ड

टोडरा गांव निवासी विनोद कुमार ने बताया कि उनकी मां लीला देवी (78) घर के आंगन में चारपाई पर सो रही थीं। रात करीब 12 बजे लेपर्ड दीवार फांदकर घर में घुस आया और महिला के सिर व गर्दन को मुंह में दबोच लिया। वह उन्हें घसीटते हुए दीवार तक ले गया और दूसरी ओर ले जाने का प्रयास करने लगा।

बेटे ने दिखाई बहादुरी

महिला की चीख सुनकर परिजन जाग गए। इस दौरान विनोद कुमार ने दौड़कर अपनी मां के पैर पकड़ लिए। परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। सभी के शोर मचाने पर लेपर्ड महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला।

महिला गंभीर घायल, अस्पताल में भर्ती

हमले में लेपर्ड के दांत महिला के सिर और गर्दन में धंस गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, रेंज कार्यालय में तोड़फोड़

घटना से नाराज ग्रामीण सोमवार सुबह फलोदी रेंज कार्यालय पहुंच गए। उन्होंने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और वन विभाग कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़ कर दी। सूचना पर रवाजना डूंगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया।

थानाधिकारी श्याम सुंदर ने बताया कि वन विभाग की ओर से तोड़फोड़ को लेकर कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। ग्रामीण लगातार हो रहे लेपर्ड हमलों से नाराज हैं और सुरक्षा के स्थायी इंतजाम की मांग कर रहे हैं।

वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

फलोदी रेंज की फॉरेस्टर सुमन गुर्जर ने बताया कि क्षेत्र में लेपर्ड की लगातार आवाजाही को देखते हुए आबादी वाले इलाकों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है। साथ ही वन विभाग की टीमें रात के समय लगातार गश्त कर रही हैं, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Related Post