Fri, 08 07, 2026
देश

चुनाव आयोग की पैनी नजर: आचार संहिता में भी ‘पुलिस-आबकारी’ नहीं रोक पा रहे तस्करी:

चुनाव को देखते हुए शराब तस्कर हुए सक्रिय, भिवाड़ी एसपी नपे, फिर भी नहीं टूट रही अफसरों की सुस्ती

post-img

 राज्य में विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लग चुकी है, लेकिन फिर भी पुलिस और आबकारी विभाग अवैध शराब की तस्करी नहीं रोक पा रहे हैं। हरियाणा से अलवर, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ आदि जिलों के रास्तों से अवैध शराब लाई जा रही है, जो कि राज्य के अन्य जिलों तक पहुंच रही है। अवैध शराब के खिलाफ सुस्त कार्रवाई के चलते भिवाड़ी एसपी पर चुनाव आयोग की गाज गिर चुकी है। इसके बावजूद भी अफसरों की सुस्ती नहीं टूट रही। ऐसे में अवैध शराब की तस्करी कई अफसरों के लिए भारी पड़ सकती है। पूर्वी राजस्थान के अलवर, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ जिलों की सीमा हरियाणा से सटी हैं। किशनगढ़बास, तिजारा, बहरोड़, मुंडावर और रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र ऐसे हैं, जो कि हरियाणा सीमा से सटे हुए हैं। यहां से दर्जनों मुख्य मार्ग सहित सैकड़ों कच्चे-पक्के रास्ते हरियाणा में जाते हैं। इन रास्तों के माध्यम से हरियाणा से शराब तस्करी कर राजस्थान में लाई जा रही है। तस्करों ने बरसों से इन्हीं रास्तों को पकड़ा हुआ है और चुनाव आचार संहिता के दौरान भी शराब तस्करी के लिए इन रास्तों का इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन पुलिस और आबकारी विभाग इन रास्तों पर सघन नाकेबंदी नहीं कर पा रही है। जिसके कारण अवैध शराब तस्करी पर लगाम नहीं लग पा रही। पुलिस और आबकारी की ढिलाई को देख शराब तस्कर सक्रिय हैं। अलवर, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ जिलों के रास्ते से हरियाणा मार्का शराब की तस्करी कर रहे हैं।
पुलिस ने आचार संहिता के बाद 31 लाख की शराब जब्त की 
अलवर जिला पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए अलर्ट है। आचार संहिता लगने के बाद से अब तक अलवर पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत 74 एफआइआर दर्ज की हैं और 31 लाख 25 हजार रुपए कीमत की 5 हजार 385 लीटर शराब जब्त की है।
भिवाड़ी सबसे ज्यादा क्रिटिकल
खैरथल-तिजारा जिले का भिवाड़ी क्षेत्र सबसे ज्यादा क्रिटिकल है। यहां हर 100-200 या 500 मीटर पर हरियाणा की सीमा सटी हुई है। यहां से कदम-कदम पर रास्ते हरियाणा में प्रवेश करते हैं। वहीं, हरियाणा के काफी इलाके तो ऐसे हैं, जो कि भिवाड़ी में अंदर तक घुसे हुए हैं। किशनगढ़बास, तिजारा, टपूकड़ा, भिवाड़ी, बहरोड़, मांढण, शाहजहापुर, मुंडावर, रामगढ़ व नौगांवा आदि क्षेत्रों से सैकड़ों रास्ते हरियाणा सीमा में प्रवेश करते हैं। इसके बावजूद भी भिवाड़ी पुलिस की ओर से अवैध शराब के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई नहीं की। जिसके चलते चुनाव आयोग ने भिवाड़ी एसपी करण शर्मा को हटा दिया।
नहीं की कोई बड़ी कार्रवाई
आबकारी निरोधक दल ने पिछले करीब एक माह से अवैध शराब के खिलाफ कोई बड़ी कार्रवाई नहीं की है। हालांकि इस साल अप्रेल से सितम्बर तक अवैध शराब के 421 मुकदमे दर्ज कर 425 मुल्जिमों को गिरफ्तार किया है। 7400 लीटर हथकढ़ शराब जब्त की गई तथा अवैध शराब के ठिकानों पर दबिश देकर 2 लाख 56 हजार लीटर वाश व 250 भट्टी नष्ट की गई। इसके अलावा पिछले दिनों सदर थाना इलाके में चल रही अवैध शराब की तीन फैक्ट्री पर कार्रवाई कर 34 हजार 300 लीटर स्प्रिट और शराब बनाने के उपकरण, बोतल, ढक्कन, रैपर आदि जब्त किए। एक एम्बुलेंस से हरियाणा मार्का 84 बोतल अंग्रेजी शराब और 48 कैन बीयर तथा एक कार से 180 बोतल हरियाणा मार्का शराब पकड़ी।


 

Related Post