राजकीय महाविद्यालय के रूसा सेमिनार हॉल में शुक्रवार को व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन हुआ। यह व्याख्यान भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड एसईबीआई द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम के प्रारम्भ में महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. अजय शर्मा ने मुख्य महाप्रबंधक सेबी अली असगर मिठवानी एवं प्रबंधक बीएसई आईपीएफ. हरविन्दर सिंह सोखी का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह व्याख्यान महाविद्यालय के विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों के लिए महत्वपूर्ण है।
विषय विशेषज्ञ मुख्य महाप्रबंधक मिठवानी ने अपने उद्बोधन में कहा कि सेबी का मुख्य उद्देश्य आमजन को निवेश के प्रति जागरूक करना है और सोशल मीडिया पर हो रही धोखाधड़ी से बचने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि विश्व निवेश बाजार में भारत पांचवें स्थान पर है और अतिशीघ्र ही उन्नत अवस्था में होगा। डाटा प्रस्तुत करते हुए यह भी बताया कि भारतीय शेयर बाजार में सिर्फ 19 प्रतिशत ही विदेशी निवेशक है और भारतीय निवेशकों की संभावनाएं उज्जवल है। हरविन्दर सिंह सोखी प्रबंधक बीएसई आईपी एफ ने अपने उद्बोधन में कहा कि किसी भी व्यक्ति को निवेश से डरना नहीं चाहिए। सोशल मीडिया के पूर्णतया प्रभाव पर निवेश नहीं करना चाहिए तथा पूर्ण अध्ययन करके सुरक्षा के साथ शेयर मार्केट में प्रवेश करना चाहिए। साथ ही यह भी कहा कि सेबी के शेयर के साथ पंजीकृत होकर दीर्घावधि में अच्छा निवेश करना चाहिए और बड़ी कम्पनी के साथ एसआईपी में लघु निवेश करना चाहिए। महाविद्यालय के वरिष्ठ संकाय प्रो. नवनीत कुमार वर्मा ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महाविद्यालय के विद्यार्थी भविष्य के निवेशक है एवं सुरक्षित निवेश के द्वारा ही वे अपने भविष्य को संवार सकते है एवं सुधार सकते है।
