Thu, 08 06, 2026
देश

ट्रांसफार्मर के चहुंओर उगे जंगली पेड़-पौधे, करंट दौड़ने का डर, विद्युत निगम के जिम्मेदार नहीं ले रहे सुध:

पेड़ों में से गुजर रही विद्युत लाइन, हादसे की आशंका

post-img

चौमूं में विभिन्न स्थानों पर लगे बिजली के ट्रांसफार्मर के चारों तरफ जंगली झाड़-झंखाड़ उगने से हमेशा हादसे का अंदेशा सताता रहता है। इसके बावजूद विद्युत निगम के जिम्मेदार इन्हें हटाकर साफ सफाई की कवायद नहीं कर रहे हैं। जिसका खमियाजा ट्रांसफार्मर के पास से गुजरने वाले राहगीरों को भुगतना पड़ता है। जानकारी के अनुसार शहर में मुख्य बस स्टैंड के पास स्थित एक कॉम्पलेक्स परिसर के पास लगे ट्रांसफार्मर पर झाड़-झंखाड़ एवं पेड़ पौधे उगे हुए हैं। इससे बारिश में तो ने पेड़-पौधों में करंट दौड़ जाता है। स्थानीय दुकानदारों ने विद्युत निगम को अवगत करवाया, लेकिन समस्या जस की तक बनी हुई है।
 यहां पर भी यही हाल
शहर में रेनवाल रोड, मोरीजा रोड, रींगस रोड आदि जगह पर लगे विद्युत ट्रांसफार्मर के चारों तरफ झाड़-झखाड़ एवं जंगली पौधे उगे हुए है। ऐसे में लोगों को अर्थ का करंट लगने का डर रहता है। जाहोता में पीपली वाले हनुमान मंदिर से चिमनपुरा जा रहे मार्ग पर बबूल का पेड़ और जाहोता बस स्टैंड से चौमूं जाने वाले मार्ग पर तेजाजी मंदिर के पास नीम के पेड़ की शाखाओं के बीच से विद्युत लाइन के तार गुजर रहे हैं। इससे तेज हवा चलने पर स्पार्किंग होती रहती है। इससे हादसे की आशंका भी रहती है। इसके बावजूद विद्युत निगम के कार्मिक इसकी सुध नहीं ले रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि आए दिन विद्युत पेड़ों की छंगाई के नाम पर विद्युत कटौती की जाती रहती है, लेकिन कस्बे के आसपास जगह-जगह पेड़ों के बीच से लाइन गुजर रही है। 

Related Post