Thu, 08 06, 2026
देश

राजस्थान रोडवेज को मिली 144 नई ब्लू लाइन एक्सप्रेस बसें, मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी:

22 डिपो को मिली आधुनिक सुविधाओं से लैस बसें, महिलाओं को 2500 हेलमेट भी वितरित

post-img

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को अजमेर रोड स्थित हीरापुरा बस टर्मिनल से राजस्थान रोडवेज की 144 नई ब्लू लाइन एक्सप्रेस बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि क्षेत्रफल की दृष्टि से राजस्थान देश का सबसे बड़ा राज्य है, इसलिए बेहतर और सुदृढ़ सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था सरकार की प्राथमिकता है। इसी दिशा में तीसरी बार रोडवेज के बेड़े में नई बसें शामिल की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई बसें प्रदेश की जनता को समर्पित हैं और सरकार का लक्ष्य है कि राजस्थान का कोई भी क्षेत्र रोडवेज बस सेवा से वंचित न रहे। उन्होंने लोगों से इन बसों का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।

'पहली बार रोडवेज मुनाफे में आई'

मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक राजस्थान रोडवेज घाटे में रही, लेकिन अब पहली बार निगम मुनाफे में आया है। इसका लाभ कर्मचारियों और यात्रियों दोनों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अब चालक, परिचालक और अन्य कर्मचारियों को समय पर वेतन मिल रहा है, जबकि पूर्व में कई-कई महीनों तक वेतन का इंतजार करना पड़ता था।

उन्होंने उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से रोडवेज को घाटे से निकालकर मुनाफे की स्थिति तक पहुंचाया गया है।

22 डिपो में चलेंगी नई बसें

नई बीएस-6 मानक की 3×2 ब्लू लाइन एक्सप्रेस बसें प्रदेश के 22 डिपो को आवंटित की गई हैं। इनमें मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, एलईडी गंतव्य डिस्प्ले, इलेक्ट्रॉनिक कंट्रोल यूनिट (ECU), व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम (VLTS), सीसीटीवी कैमरे और महिलाओं की सुरक्षा के लिए पैनिक बटन जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा पर विशेष जोर

नई बसों में आगे की छह सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं, जिन्हें पिंक रंग से अलग पहचान दी गई है। प्रत्येक बस में दो सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जबकि आपात स्थिति में यात्रियों की सुरक्षित निकासी के लिए पहली बार साइड इमरजेंसी गेट के साथ रूफ पर दो इमरजेंसी हैच भी उपलब्ध कराए गए हैं।

2500 महिलाओं को बांटे हेलमेट

कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा अभियान के तहत 2500 महिलाओं और बालिकाओं को हेलमेट वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनने की अपील की।

नई बसों में लगे व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम (VLTS) के माध्यम से बसों की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा सकेगी, जिससे संचालन अधिक सुरक्षित और प्रभावी बनेगा।

Related Post