सवाई माधोपुर। पुराने शहर के बड़ा राजबाग मैदान के पास स्थित एक फार्म हाउस में मंगलवार सुबह जंगल से निकलकर एक अजगर घुस आने से हड़कंप मच गया। चारे के बीच बैठे अजगर को देखकर फार्म हाउस में मौजूद लोग घबरा गए। सूचना पर रणथंभौर टाइगर रिजर्व की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया।
चारे के बीच बैठा मिला अजगर
फार्म हाउस मालिक अनिकेत पारीक ने बताया कि सुबह करीब साढ़े 10 बजे वह फार्म हाउस पर काम कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर चारे के बीच बैठे एक अजगर पर पड़ी। अचानक अजगर दिखाई देने से वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। इसके बाद उन्होंने तुरंत आरओपीटी रेंजर अश्वनी प्रताप सिंह को सूचना दी।
वन विभाग की टीम ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही रणथंभौर टाइगर रिजर्व की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम प्रभारी जसकरण के नेतृत्व में वनकर्मियों ने पूरी सावधानी बरतते हुए करीब 20 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद अजगर का सफल रेस्क्यू किया।
सुरक्षित जंगल में छोड़ा गया अजगर
वन विभाग के अनुसार रेस्क्यू किया गया अजगर करीब पांच फीट लंबा था। उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार उसे सुरक्षित उसके प्राकृतिक आवास यानी जंगल में छोड़ दिया गया।
वन विभाग ने की अपील
अजगर के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद फार्म हाउस मालिक और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि जंगल के आसपास कोई वन्यजीव दिखाई दे तो उसे छेड़ने या नुकसान पहुंचाने की कोशिश न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।
