Thu, 08 06, 2026
देश

सीकर के निजी स्कूलों ने 28 जुलाई को हड़ताल की चेतावनी दी:

12 सूत्रीय मांगों को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, शिक्षा संबलन ऐप से जांच रोकने की मांग

post-img

सीकर निजी शिक्षण संस्थान संघ के नेतृत्व में सीकर के निजी स्कूल संचालकों ने सोमवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धोद एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। संघ ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी 12 सूत्रीय मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो 28 जुलाई को जिले के सभी निजी स्कूल बंद रखकर हड़ताल की जाएगी।

संघ के प्रतिनिधि रामनिवास ढाका ने बताया कि शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षा संबलन ऐप के माध्यम से निजी स्कूलों की लगातार जांच की जा रही है। दूसरी ओर आरटीई सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का करोड़ों रुपए का भुगतान लंबे समय से बकाया है, जिससे निजी स्कूल आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मांगें नहीं मानी गईं तो जिले के करीब 50 हजार शिक्षक एवं कर्मचारी आंदोलन में शामिल होंगे, जिससे शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

मुख्य मांगें

निजी स्कूल संचालकों ने ज्ञापन में शिक्षा संबलन ऐप से हो रही जांच प्रक्रिया तत्काल स्थगित करने, आरटीई एवं अन्य योजनाओं के बकाया भुगतान जारी करने, बोर्ड परीक्षा केंद्रों का चयन त्रिकोणीय व्यवस्था से करने, शिक्षा शुल्क बकाया होने पर टीसी जारी करने के दबाव को समाप्त करने, बोर्ड परीक्षा शुल्क वृद्धि वापस लेने, कक्षा 9वीं व 11वीं की परीक्षाएं पूरे प्रदेश में एक समान समय पर कराने तथा यू-डाइस, पोर्टल मिसमैच और अन्य लंबित ऑनलाइन प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने सहित 12 मांगें रखीं।

संघ ने सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग करते हुए कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर 28 जुलाई से आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

 

Related Post