Thu, 08 06, 2026
देश

मासिक निरीक्षण के विरोध में 300 निजी स्कूल बंद, शिक्षा निदेशालय पर प्रदर्शन:

शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी, आदेश वापस नहीं लेने पर प्रदेशव्यापी हड़ताल की चेतावनी

post-img

बीकानेर। प्राइवेट स्कूलों में हर महीने निरीक्षण के शिक्षा विभाग के आदेश के विरोध में सोमवार को बीकानेर के करीब 300 निजी स्कूल बंद रहे। निजी स्कूल संचालकों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट से शिक्षा निदेशालय तक पैदल मार्च निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त निदेशक शैलेंद्र देवड़ा से वार्ता कर विभिन्न मांगों पर चर्चा की।

सोमवार सुबह करीब 11 बजे दो हजार से अधिक निजी स्कूल संचालक, शिक्षक एवं स्टाफ कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्रित हुए। यहां से रैली के रूप में शिक्षा निदेशालय पहुंचे और मुख्य द्वार के बाहर धरना देकर राज्य सरकार एवं शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की।

निदेशालय का मुख्य द्वार रहा बंद

प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदर थाना पुलिस ने शिक्षा निदेशालय के मुख्य द्वार को बंद करवा दिया। इसके चलते अपने कार्यों से पहुंचे अभ्यर्थियों और अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

हाईकोर्ट के आदेश के संबंध में पहुंचे एक अभ्यर्थी को भी निदेशालय में प्रवेश नहीं मिला। वहीं, आरटीई के तहत प्रवेश नहीं मिलने की शिकायत लेकर आई एक महिला भी अधिकारियों से मुलाकात नहीं कर सकी।

आदेश वापस नहीं लिया तो होगी अनिश्चितकालीन हड़ताल

प्रदर्शन के दौरान प्राइवेट स्कूल संगठन सेवा के प्रदेशाध्यक्ष कोडाराम भादू ने चेतावनी दी कि यदि हर महीने निरीक्षण का आदेश वापस नहीं लिया गया तो प्रदेशभर के निजी स्कूल अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।

उन्होंने बताया कि संगठन की प्रमुख मांगों में मासिक निरीक्षण आदेश निरस्त करना, आरटीई की बकाया राशि का भुगतान, बिना फीस ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) देने के आदेश को वापस लेना, नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी के विद्यार्थियों का भुगतान सुनिश्चित करना तथा कोचिंग संस्थानों पर प्रभावी नियंत्रण या पाबंदी लगाना शामिल है।

Related Post