Fri, 08 07, 2026
देश

NEET-UG 2026 पेपर लीक: CBI का बड़ा खुलासा, NTA के एक्सपर्ट्स पर सवाल याद कर लीक करने का आरोप:

94 पेज की चार्जशीट में दावा- पेपर तैयार करते समय याद किए सवाल, होटल में लिखकर बिचौलियों तक पहुंचाए

post-img

नई दिल्ली। NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बड़ा खुलासा किया है। दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में दाखिल 94 पेज की चार्जशीट में एजेंसी ने दावा किया है कि पेपर लीक की साजिश परीक्षा से कई महीने पहले ही रच ली गई थी। आरोप है कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के कुछ विशेषज्ञों ने प्रश्नपत्र तैयार करने के दौरान सवाल याद किए और बाद में उन्हें लिखकर बिचौलियों के जरिए छात्रों तक पहुंचाया।

CBI ने इस मामले में 13 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। इनमें NTA के तीन विशेषज्ञ भी शामिल हैं। एजेंसी के अनुसार, इन पर पेपर तैयार करने और मॉडरेशन प्रक्रिया के दौरान अपने पद का दुरुपयोग कर प्रश्न लीक करने का आरोप है।

होटल में लिखे जाते थे याद किए सवाल

चार्जशीट के मुताबिक, संबंधित विशेषज्ञ NTA कार्यालय में प्रश्नपत्र तैयार करते समय सवाल याद कर लेते थे। बाद में होटल पहुंचकर उन्हें पर्चियों पर लिखते और NCERT की पुस्तकों में संबंधित अध्याय व पैराग्राफ चिह्नित करते थे। इसके बाद ये प्रश्न बिचौलियों और कोचिंग संचालकों तक पहुंचाए जाते थे।

व्हाट्सएप, टेलीग्राम और PDF से छात्रों तक पहुंचा पेपर

CBI के अनुसार, लीक प्रश्न व्हाट्सएप, टेलीग्राम, PDF और अन्य डिजिटल माध्यमों से छात्रों तक भेजे गए। कुछ कोचिंग संस्थानों में छात्रों से प्रश्न हाथ से लिखवाकर उनकी तैयारी भी कराई गई। एजेंसी का कहना है कि ऐसा डिजिटल साक्ष्य कम छोड़ने के उद्देश्य से किया गया।

इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और चैट रिकॉर्ड मिले

जांच एजेंसी ने दावा किया है कि फोरेंसिक जांच, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, चैट रिकॉर्ड, दस्तावेजों और गवाहों के बयानों से पूरे नेटवर्क की पुष्टि हुई है। चार्जशीट में कई आरोपियों को पेपर लीक कर छात्रों तक पहुंचाने वाली अहम कड़ी बताया गया है।

सुरक्षा के लिए दिए थे ब्लैंक चेक और दस्तावेज

चार्जशीट के अनुसार, एक आरोपी ने लीक पेपर के बदले बिचौलिए को अपने 10वीं और 12वीं के प्रमाण-पत्र तथा ब्लैंक चेक भी सुरक्षा के तौर पर दिए थे। CBI का कहना है कि इससे स्पष्ट होता है कि यह पूरा मामला आर्थिक लाभ के उद्देश्य से संचालित संगठित साजिश का हिस्सा था।

मामले की सुनवाई फिलहाल दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में जारी है। आरोपों पर अंतिम निर्णय न्यायालय की सुनवाई और साक्ष्यों के परीक्षण के बाद होगा।

Related Post