शिक्षा विभाग की अनदेखी के चलते पिछले चार सत्र से प्रतिभावान विद्यार्थियों को लैपटॉप व टैबलेट का इंतजार हैं। दरअसल, बोर्ड परीक्षाओं में प्रतिभा दिखाने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार की ओर से योजना के तहत 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत या इससे अधिक अंक हासिल करने पर लैपटॉप व 8वीं के विद्यार्थियों को मेरिट में आने पर टेबलेट दिए जाते हैं। लेकिन वर्ष 2019 से 2022 तक के विद्यार्थियों को अब तक ना तो लैपटॉप मिला और न ही टेबलेट मिले हैं। आचार संहिता भी लग गई। ऐसे में इस बार भी प्रतिभावानों को लैपटॉप और टेबलेट मिलने की संभावना खत्म हो गई।
यह है पात्रता
सरकारी स्कूलों में सभी वर्गों के मेधावी विद्यार्थी जिन्होंने कक्षा 8वीं, 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत या इससे अधिक अंक अर्जित किए। उन्हें वरियता के आधार पर लैपटॉप या टेबलेट वितरण किया जाता है। शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार योजना के तहत जिले में कितने विद्यार्थी लाभान्वित होंगे, यह आंकड़ा शाला दर्पण पर नहीं होता है। क्योंकि शिक्षा निदेशालय की ओर से लैपटॉप व टेबलेट की संख्या के आधार पर पात्र विद्यार्थियों की मेरिट लिस्ट तैयार की जाती है। उसके बाद जिले वाइज सूची जारी की जाती है। जिसके आधार पर ही पात्र विद्यार्थियों को लेपटॉप या टेबलेट का वितरण किया जाता है।
स्थिति स्पष्ट नहीं
वर्ष 2022 में सरकार ने लैपटॉप की जगह पात्र अभ्यर्थियों को टेबलेट देने की बात कहीं थी। ऐसे में विद्यार्थियों को इसको लेकर असमंजस बना हुआ है। शिक्षा विभाग के अधिकारी के पास भी इस संबंध में कोई पुख्ता जानकारी नहीं है।
शिक्षा विभाग के चक्कर काट रहे परिजन
जिले में बड़ी संख्या में ऐसे विद्यार्थी हैं जिन्होंने 75 फीसदी से अधिक अंक से बोर्ड परीक्षाएं उत्तीर्ण की थी। इन्हें योजना के तहत लैपटॉप-टेबलेट मिलना था लेकिन, अब तक नहीं मिला। बच्चे व अभिभावक स्कूल में सम्पर्क करते हैं तो, संतोषपूर्ण जवाब नहीं मिलता। इसके बाद शिक्षा विभाग कार्यालय में भी उन्हें निदेशालय की ओर से इस संबंध में कोई सूचना प्राप्त नहीं होने का हवाला दिया जाता है।
ग्रेजुएशन हो गई लेकिन, नहीं मिला लैपटॉप
क्षेत्र की कई पात्र विद्यार्थियों ने बताया कि वर्ष 2019 में सरकारी विद्यालयों से 12वीं परीक्षा उत्तीर्ण की थी। इसके बाद कॉलेज में एडमिशन लिया और यहां तीन साल में ग्रेजुएशन भी पूरी हो गई लेकिन, लैपटॉप अब तक नहीं मिला।
