Thu, 08 06, 2026
देश

राजस्थान सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं में लाई तेजी, मुख्य सचिव ने दिए समयबद्ध नियुक्ति के निर्देश:

RPSC, RSSB और विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर, रोजगार उत्सव की तैयारियों की समीक्षा

post-img

जयपुर। राजस्थान सरकार ने विभिन्न विभागों में चल रही भर्ती प्रक्रियाओं को तय समय सीमा में पूरा करने के लिए कवायद तेज कर दी है। गुरुवार को मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी भर्ती प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पात्र अभ्यर्थियों को समय पर नियुक्ति दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया के निर्देश

बैठक में मुख्य सचिव ने राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC), राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा, परिणाम, दस्तावेज सत्यापन और नियुक्ति की सभी प्रक्रियाएं निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाएं।

रोजगार उत्सव में अधिक से अधिक नियुक्ति पत्र देने की तैयारी

मुख्य सचिव ने आगामी रोजगार उत्सव की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक चयनित अभ्यर्थियों को रोजगार उत्सव के दौरान नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएं और विभाग अपनी तैयारियां समय रहते पूरी करें।

इन प्रमुख भर्तियों की हुई समीक्षा

समीक्षा बैठक में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती, शिक्षक ग्रेड-III, संस्कृत शिक्षा विभाग शिक्षक भर्ती, पुस्तकालयाध्यक्ष, जेल प्रहरी, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) तथा बस परिचालक भर्ती सहित कई प्रमुख भर्ती प्रक्रियाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। अधिकारियों को परिणाम जारी करने, दस्तावेज सत्यापन और नियुक्ति आदेशों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

हजारों पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रियाओं पर फोकस

बैठक में 24,752 सफाई कर्मचारी, 10,644 कनिष्ठ सहायक एवं क्लर्क ग्रेड-II, 6,000 पुलिस कांस्टेबल, 3,500 शिक्षण सहयोगी, 3,430 ग्राम विकास अधिकारी (VDO), 3,000 जूनियर टेक्निकल सुपरवाइजर (PHED), 2,000 नर्सिंग एवं पैरामेडिकल, 1,548 आयुष विभाग, 1,100 कृषि पर्यवेक्षक, 1,100 पशु चिकित्सा अधिकारी, 1,059 सहायक अभियंता तथा 774 जूनियर अभियंता सहित विभिन्न भर्तियों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

नियमित मॉनिटरिंग और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की नियमित मॉनिटरिंग करने, लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने, समय पर परिणाम जारी करने तथा चयनित अभ्यर्थियों को जल्द नियुक्ति आदेश उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में देरी से युवाओं का समय और अवसर दोनों प्रभावित होते हैं। इसलिए सभी विभाग समयबद्ध कार्ययोजना के तहत काम करें ताकि पात्र अभ्यर्थियों को बिना किसी अनावश्यक विलंब के रोजगार मिल सके।

Related Post