Thu, 08 06, 2026
देश

पावणों को भाया हमारा राजस्थान, पर्यटन रैंकिंग में लगाई छलांग:

रैंकिंग में हुआ सुधार, देश में 11 से 7वें नम्बर पर पहुंचा

post-img

प्रदेश ने पर्यटन के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। हाल ही में पर्यटन विभाग की ओर से जारी की गई नई रैंकिंग में प्रदेश ने चार स्थानों की छलांग लगाई है। अब प्रदेश पर्यटन के लिहाज से देश में 11 वें से 7वें नंबर पर आ गया है। इससे इस बात का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है कि प्रदेश में दिनों दिन पर्यटन तेजी से फल फूल रहा है।
केन्द्रीय पर्यटन मंत्रालय की ओर से जारी किए आंकड़ों के अनुसार इस साल नौ माह में यानी सितम्बर 2023 तक राजस्थान के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर करीब 10 करोड़ देसी-विदेशी पर्यटक सैर सपाटे के लिए पहुंचे। जबकि राजस्थान के सभी टाइगर रिजर्व बारिश के दौरान पर्यटकों के लिए बंद रहते हैं। ऐसे में अब एक बार फिर से प्रदेश में पर्यटकों की संख्या में इजाफा होने के आसार है।
ब्रांडिंग को माना जा रहा बड़ा कारण
रिपोर्ट के अनुसार राजस्थान का पर्यटन विभाग प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यटकों को प्रदेश की ओर आकर्षित करने के लिए देश भर की कुल 289 लोकेशन पर अपने पर्यटन और प्रदेश की खासियतों की ब्रांडिंग कर रहा है। इतना ही नहीं इन लोकेशन में देश भर के 18 हवाई अड्डे भी शामिल हैं। इसके अलावा राजस्थान की ओर से देश भर की एक्सप्रेस ट्रेनों में भी पर्यटन का प्रचार प्रचार किया जा रहा है।
वाइल्ड लाइफ, ईको और डेजर्ट ट्यूरिज्म है प्रदेश की जान
राजस्थान में वाइल्ड लाइफ, ईको व डेजर्ट ट्यूरिज्म ने प्रदेश को एक खास पहचान दिलाई है। वाइल्ड लाइफ ट्यूरिज्म का इसमें एक विशेष योगदान है। प्रदेश में वर्तमान में चार टाइगर रिजर्व है और अब वन विभाग की ओर से चारों टाइगर रिजर्व में सफारी को शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा प्रदेश की वाइल्ड लाइफ सेचुरी में भी पर्यटन हो रहा है। यहां हर साल लाखों की संख्या में देशी विदेशी पर्यटक भ्रमण के लिए आ रहे हैं। अकेले रणथम्भौर टाइगर रिजर्व में ही हर साल करीब पांच लाख देसी-विदेशी पर्यटक भ्रमण के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में प्रदेश में पर्यटन लगातार बढ़ रहा है। हालांकि कोरोना काल के दौरान सरकार की ओर से लागू की गई पाबंदियों के कारण पर्यटन में कमी आ गई थी। लेकिन अब एक बार फिर से प्रदेश में पर्यटन पटरी पर लौट आया है।
लोगों को मिल रहा रोजगार
प्रदेश भर में देशी विदेशी पर्यटकों की आवक में इजाफा होने से जहां एक और प्रदेश में पर्यटन और सरकार की आय में तो वृद्धि हो ही रही है, लेकिन इसके साथ- ही स्थानीय स्तर पर भी रोजगार के अवसरों में इजाफा हो रहा है, जो प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहा है।

 

Related Post