श्राद्धपक्ष के चलते मंदे हुए प्रोपर्टी के कारोबार में नवरात्र ने जान डाल दी। किसी ने प्लॉट बुक करवाया है तो किसी ने फ्लैट। एक्सपर्ट कहते हैं कि दिवाली पर लोग गृहप्रवेश करेंगे। गृह प्रवेश शहर के चारों प्रमुख मार्गों पर सैकड़ों की संख्या में होंगे। लोगों ने निवेश के उद्देश्य से भी फ्लैट व प्लॉट लिए हैं। नवरात्र में प्रोपर्टी कारोबार चढ़ने से बिल्डरों की चांदी हो गई। शहर में जयपुर, दिल्ली, बहरोड़, तिजारा मार्ग पर 80 से ज्यादा बिल्डर अपना कारोबार कर रहे हैं। कोई जमीन के रूप में प्लॉट मुहैया करा रहा है तो कोई फ्लैट। शहर में करीब आठ से नौ बिल्डर ऐसे हैं जो फ्लैट कल्चर ला रहे हैं और लोग रहने के उद्देश्य से मकान ले रहे हैं। जयपुर मार्ग पर कई सोसाइटी बन रही हैं। एक बिल्डर का कहना है कि प्रोपर्टी कारोबार में अब उछाल आया है। ग्राहक निवेश कर रहे हैं। बाहर के भी लोग यहां आकर जमीन आदि ले रहे हैं। दिल्ली मार्ग पर करीब एक दर्जन बिल्डर प्लाटिंग कर रहे हैं। फ्लैट में बिल्डरों की ओर से सभी सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। हर अपार्टमेंट की अपनी खूबियां हैं। ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए बिल्डरों में भी होड़ मची है।
यूआईटी की योजनाएं भी गति पकड़ रहीं
यूआईटी की योजनाएं भी गति पकड़ रही हैं। अंबेडकर नगर के अलावा शालीमार, विज्ञान नगर आदि कॉलोनियों में भूखंडों की बिक्री हो रही है। ये प्रक्रिया ऑनलाइन चल रही है। इन कॉलोनियों में सुविधाएं बढ़ने से लोग आकर्षित हुए हैं।
