Fri, 08 07, 2026
देश

Flipkart पर बिक रहे थे नकली BATA फुटवियर, जयपुर में 659 जोड़ी जूते जब्त:

जामडोली थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कॉपीराइट एक्ट और BNS के तहत मामला दर्ज

post-img

जयपुर। राजधानी जयपुर में ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म Flipkart के माध्यम से BATA INDIA LTD. के नाम पर नकली फुटवियर बेचने के मामले का बड़ा खुलासा हुआ है। जामडोली थाना पुलिस ने विजयपुरा रोड स्थित एक गोदाम पर कार्रवाई करते हुए 659 जोड़ी नकली BATA ब्रांड के फुटवियर जब्त किए हैं। मामले में आरोपी के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम, 1957 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

BATA कंपनी की शिकायत पर शुरू हुई जांच

डीसीपी (ईस्ट) रंजीता शर्मा ने बताया कि 21 जुलाई को BATA INDIA LTD. के अधिकृत अधिकारी ललित कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि जामडोली क्षेत्र में BATA ब्रांड के नाम से नकली फुटवियर तैयार कर उन्हें ऑनलाइन प्लेटफॉर्म Flipkart पर बेचा जा रहा है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

गोदाम पर दबिश, 659 जोड़ी फुटवियर बरामद

थाना प्रभारी रतन सिंह काविया के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मकान नंबर C-18, अहिंसा कॉलोनी, विजयपुरा रोड, जामडोली स्थित किराये के गोदाम पर छापा मारा। यहां "जीनल एंटरप्राइजेज" के नाम से संचालित गोदाम से BATA ब्रांड की पैकिंग में रखे 659 जोड़ी फुटवियर बरामद किए गए।

वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका आरोपी

पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी इन फुटवियर से संबंधित कोई वैध बिल, वाउचर या अधिकृत दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने पूरी खेप जब्त कर ली।

आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस ने मुकेश कुमार शर्मा (35) निवासी दनाऊ खुर्द, थाना तूंगा एवं हाल निवासी अहिंसा कॉलोनी, जामडोली के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और कॉपीराइट अधिनियम, 1957 की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली फुटवियर का निर्माण कहां किया जा रहा था और इन्हें ऑनलाइन माध्यम से कितने समय से बेचा जा रहा था।

Related Post