Thu, 08 06, 2026
देश

महिलाओं को लुभा रहे साड़ियां, लहंगा व चुन्नी के नए डिजायन:

75 करोड़ रुपए का कारोबार होने का अनुमान, दुकानों पर जुटने लगी ग्राहकों की भीड़

post-img

त्योहारी सीजन शुरू होने के साथ ही बाजार ग्राहकों से गुलजार होने लगे हैं। शहर में साडिय़ों व लहंगा- चुन्नी की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ जुटना शुरू हो गई है। साडिय़ों के कारोबारियों के मुताबिक इस बार साडिय़ों व लहंगा- चुन्नी के नए डिजायन व आकर्षक रंग बाजार में उतारे गए हैं। साडिय़ों में कई तरह के नए पैर्टन महिलाओं को लुभा रहे हैं। साडिय़ों के कारोबार से जुड़े लोगों ने बताया कि शहर में गत वर्ष 50 करोड़ का कारोबार हुआ था। अब कोरोना महामारी के साये से पूरी तरह उबर चुके लोग इस साल शादियों व त्योहारी सीजन के इस डेढ माह के दौरान जमकर खरीदारी करेंगे। इससे कयास है कि करीब 75 करोड़ के कारोबार का आंकड़ा पार होगा। व्यापारियों ने बताया कि त्योहार को लेकर खरीदारी शुरू हो चुकी है। लोग बाजारों में आने लगे हैं। दीपावाली के साथ ही शादियों के लिए शॉपिंग कर रहे हैं।
लाल रंग की साड़ियों की बढ़ी मांग
साडिय़ों के व्यापारियों ने बताया कि करवाचौथ पर्व का व्रत एक दिन बाद है। महिलाएं इसके सेलिब्रेशन को लेकर उत्साहित हैं। खासकर नव विवाहिताएं, जिन्हें मल्टीकलर के लहंगा चुन्नी व प्लाजो सबसे अधिक पसंद आ रहे हैं। इधर, महिलाएं साडिय़ों के पैटर्न में लाल रंग की साडिय़ां सबसे अधिक खरीद रही हैं। जिसके कारण बाजार में लाल रंग की साडिय़ों की मांग एकाएक बढ गई है। इसके अलावा इस बार बाजार में नई आई डिजीटल साडिय़ों की मांग अधिक है।
युवतियों को पसंद आ रहे ये नए डिजायन
बाजार में इस बार मल्टीकलर लंहगा सेट, औरगेंजा, नए पैटर्न के लांचा, प्लाजो युवतियों को खूब पसंद आ रहे हैं। इसके अलावा साडिय़ों में बनारसी, प्योर सिल्क, सिंथेटिक, जॉर्जट, हैवीलुक, डिजीटल, डोरा सिल्क व सिफॉन सहित कई नई डिजायन महिलाओं को पसंद आ रहे हैं। कारोबारियों ने बताया कि शहर में धीरे- धीरे पनप रही मॉल संस्कृति बरसों से परंपरागत चल रहे कारोबार के लिए अब खतरा बन रही है। हालांकि बाजार में आकर खरीद करने वाले ग्राहकों पर फिलहाल इसका कोई असर नहीं है।

 

Related Post