त्योहारी सीजन को लेकर मोबाइल फोन के शोरूम और कम्पनियों के आउटलेट्स सज कर तैयार हो गए हैं। सेलफोन्स कम्पनियों ने नई डिवाइसों से अपटेड मोबाइल फोन सेट बाजार में उतारे हैं। युवाओं में इस बार आइफोन को लेकर काफी क्रेज है। दीपावली पर शहर में टेलीकॉम बाजार में करीब 10 करोड़ रुपए तक के कारोबार की उम्मीद है।
दीपावली के सीजन में मोबाइल बाजार में भी नए मॉडलों की धूम है। युवाओं को 1 लाख रुपए से अधिक कीमत के मोबाइल खूब पसंद आ रहे हैं। दीपावली तक मोबाइल कारोबार के दोगुना होने की संभावना है। दशहरा के बाद से ही दीपावली को लेकर बाजार अपना रंग पकड़ने लगेगा। दिलसुख टाल गली में मोबाइल शोरूम संचालक आशुतोष जोशी ने बताया कि मोबाइल फोन के बाजार में नवरात्र के पहले दिन से ही उछाल आना शुरू हो गया। सोमवार को दशहरा पर भी अच्छी खरीदारी होने की संभावना है। वहीं दीपावली से भी दुकानदारों को काफी उम्मीदें हैं। धनतेरस पर ग्राहकों का रुझान देखते हुए मोबाइल कारोबारियों ने भी दुकानों में माल भर लिया है। दुकानदारों को उम्मीद है कि जिस प्रकार ग्राहकों ने नवरात्र में जमकर खरीदारी की है, दीपावली तक मोबाइल का बाजार दोगुना हो जाएगा। ग्राहकों को रिझाने के लिए तरह-तरह के ऑफर दिए जा रहे हैं। एक शोरूम पर आइफोन पसंद कर रहे आकाश बिंदल, विजय अरोड़ा व मनीष अग्रवाल ने बताया कि टेक्नोलॉजी के दौर में फीचर्स की सुविधा के साथ हैकर्स से डाटा सुरक्षा की भी जरुरत हैं
फोन के लिए लोन का ऑफर
मोबाइल फोन शोरूम संचालक ने बताया कि युवा पीढी और ऑनलाइन काम करने वाले लोगों को फीचर्स में आइफोन पसंद आ रहे हैं। बाजार में 30 हजार रुपए से लेकर डेढ-दो लाख रुपए की कीमत आइफोन बाजार में हैं। महंगा फोन होने से कई फायनेंस कम्पनियों मोबाइल फोन खरीदने के लिए मौके पर लोन उपलब्ध करा रही हैं। एक सेलफोन कम्पनी शॉपी संचालक बलवंत बेनीवाल ने बताया कि सामान्य दस्तावेज देने पर 30 हजार से लेकर 2 लाख रुपए के मोबाइल फोन लोन पर उपलब्ध है।
श्याम प्लाजा के पास मोबाइल शोरूम संचालक मोहित कुमार ने बताया कि कोरोना के बाद हुई डिजीटल क्रांति से स्मार्ट मोबाइल फोन आम आदमी की जरुरत बन गया है। बाजार में 10 से 35 हजार तक के मोबाइल की मांग ज्यादा है। लोग अपने बजट के हिसाब से मोबाइल की खरीदारी कर रहे हैं। कुछ लोग फीचर देखकर मोबाइल खरीद रहे हैं, तो कुछ कैमरा, स्टोरेज व रैम देखकर। सबसे ज्यादा बिक्री 20 से 25 हजार तक के मोबाइल की हो रही है।
