साड़ी का फैशन एवरग्रीन होता है। रोजमर्रा से लेकर उत्सव और त्योहारों में साड़ी का कोई सानी नहीं है। लेकिन बात दीपावली पर पहनने की हो तो महिलाएं पड़ोसन से डिफरेंट लुक में दिखना चाहती है। यही वजह है कि नवरात्र के सीजन में ही फेस्टिवल साडियों की खरीदारी परवान चढ़ गई है। करवा चौथ और दीपावली के लिए महिलाएं साड़ियों की खरीदारी कर रही हैं। दीपावली के त्योहारी सीजन में सूरत की साड़ी मीलों ने सैकडों रंग, डिजायन और कपड़े के वैरायटी पैटर्न में साड़ियां बाजार में लेकर आई हैं। दीपावली महज 20 दिन दूर है, ऐसे में त्योहार पर खास दिखने के लिए महिलाएं मन पसंद की साडियां खरीदने के लिए शोरूमों पर पहुंच रही हैं।
शहर के पुरानी मंडी बाजार, शीतला बाजार व जगदम्बा मार्केट में साडियों की दुकान और शोरूमों पर देर शाम तक खरीदारों की भीड़ रहने लगी है। रोशनी से जगमगा रहे साडियों के शोरूमों से बाजार में दशहरा के पूर्व ही दीपावली की खुशहाली झलकने लगी है।
पेपर सिल्क व डिजीटल प्रिंट साड़ी बनी पसंद : दिलसुख टाल के पास स्थित साड़ी शोरूम संचालक हर्षित अग्रवाल ने बताया कि इस बार साडियों के काफी रंग , डिजायन व पैटर्न बाजार में आए हैं। जो हाल ही सूरत की साड़ी मिलों ने जारी किए हैं। इसमें महिलाओं को पेपर सिल्क, लीलन बेस, डिजीटल प्रिंट व फॉक्स प्रिंट की साडियां पसंद आ रही है।
