बगरू कस्बे में लिंक रोड स्थित कृषि उपज मंडी में इन दिनों में मूंगफली की बंपर आवक शुरू हो गई है। कस्बे में लिंक रोड तथा बायपास रोड पर जाम नहीं लगे तथा सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए मंडी प्रशासन द्वारा कार्यालय आदेश जारी किए गए हैं। आदेश के बारे में मंडी प्रभारी मालूराम रैगर ने बताया कि कृषि उपज मंडी बगरू के सभी व्यापारियों, आढ़तियों तथा दलालों को सूचित किया जाता है कि खरीफ फसल के पीक सीजन को मध्यनजर मंडी समिति की नियमन एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जारी निर्देशों की पालना सुनिश्चित करें। प्रभारी ने बताया कि मंडी में मूंगफली नीलामी का समय सुबह 11 बजे से होगा तथा अनाज, दलहन की नीलामी का समय सवा बारह बजे होगा। मंडी यार्ड में लोडिंग के लिए आने वाले सभी प्रकार के वाहनों का सुबह 9 से सांय 5 बजे तक प्रवेश निषेध होगा वहीं सांय 5 बजे बाद ही वाहनों में माल लोडिंग हो सकेगा। मंडी यार्ड में मूंगफली जिन्स की बोली सड़क पर ढेरी लगाकर की जाती है। मंडी यार्ड की सभी सड़कों पर किसी भी प्रकार अतिक्रमण नहीं करें। मूंगफली के अलावा किसी भी प्रकार की जिन्स सड़कों पर नहीं रखें। अपने अपने प्लेटफार्म चबूतरे या दुकान गोदाम में ही रखें। मंडी यार्ड में कृषि जिन्स लेकर आने वाले समस्त किसानों की कृषि जिन्स वाहन से खाली होते ही खाली वाहन को यार्ड के बाहर किसी भी सुरक्षित स्थान पर या सब्जी मंडी यार्ड में खड़ा करने के लिए सभी व्यापारीगण अपने अपने किसानों को सूचित करें। मूंगफली के भरे हुए कट्टे अगर लोडिंग नहीं हो पाते हैं तो कट्टों को सड़क से उठाकर साइड में लगाएं ताकि दूसरे दिन बिक्री के लिए आने वाले कृषकों को जिन्स खाली करने तथा नीलामी में किसी तरह की कोई असुविधा न हो।
