सरकार पशुपालकों में पशुओं के स्वास्थ्य को लेकर प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा करने, समृद्ध एवं उन्नत नस्ल के पशुओं को रखने तथा नवीनतम तकनीक से पशुओं की देखभाल को प्रोत्साहित करने के लिए प्रगतिशील पशुपालकों को सम्मानित करेगी।
राजस्थान सरकार के पशुपालन विभाग की ओर से बजट घोषणा वर्ष 2021-22 के तहत प्रगतिशील पशुपालकों के सम्मान को लेकर पशुपालन विभाग की ओर से 30 नवंबर तक आवेदन मांगे गए हैं। पंचायत समिति स्तर पर चयनित पशुपालकों में से दो पशुपालकों का चयन जिला स्तर पर किया जाएगा और जिला स्तर पर चयनित पशुपालकों में से दो पशुपालकों का चयन राज्य स्तर पर कर उनको सम्मानित किया जाएगा।
ये होगी प्रोत्साहन राशि
चयनित पशुपालकों को पंचायत समिति स्तर पर दस हजार रुपए, जिला स्तर पर 25 हजार व राज्य स्तर पर 50 हजार रुपए की राशि प्रोत्साहन स्वरूप दी जाएगी। इसके लिए इच्छुक प्रगतिशील किसान 30 नवंबर तक नजदीकी राजकीय पशु चिकित्सालय में आवेदन कर सकेंगे। आवेदन पत्र व योजना की विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट व राजकीय पशु चिकित्सा संस्थान पर प्राप्त की जा सकती है।
समितियां करेंगी चयन
पशुपालकों के चयन के लिए विभाग की ओर से तीन समितियों का गठन किया गया है। समितियों में पंचायत समिति स्तर पर उपखंड अधिकारी, तहसीलदार या विकास अधिकारी तीन सदस्यीय कमेटी के अध्यक्ष होंगे। कमेटी के अन्य दो सदस्यों में संयुक्त निदेशक या उपनिदेशक पशुपालन विभाग सदस्य एवं वरिष्ठ पशु चिकित्सा, नोडल अधिकारी सदस्य सचिव होंगे। जिला स्तर पर जिला कलक्टर अध्यक्ष ,परियोजना निदेशक (आत्मा) व प्रभारी ,कृषि विज्ञान केन्द्र सदस्य और जिला संयुक्त निदेशक या जिला उप निदेशक पशुपालन विभाग सदस्य सचिव होंगे। राज्य स्तर पर प्रमुख शासन सचिव या शासन सचिव की अध्यक्षता में पांच सदस्यों की कमेटी पशुपालकों का चयन करेगी।
इस तरह होंगे शामिल
योजना में शामिल होने के लिए पशुपालक राजस्थान का मूल निवासी होना अनिवार्य है। योजनान्तर्गत ऐसे प्रगतिशील पशुपालकों का चयन किया जाएगा, जिन्होंने पशुपालन के क्षेत्र में नवाचार कर पशुधन उत्पादन के क्षेत्र में नये आयाम स्थापित किए हों, जो प्रदेश के अन्य पशुपालकों के लिये प्रेरणा का स्त्रोत व पशुपालन की नवीनतम तकनीक का उपयोग कर उन्नत नस्ल के पशुओं का पालन करते हों आदि को पशुपालकों को प्राथमिकता दी जाएगी।
