पिछले महीने जहां 10-15 रुपए किलो में प्याज बिक रहा था। वहीं प्याज के भाव में आई तेजी के कारण प्याज 50-60 रुपए किलो बिकने लगा। प्याज की आड़त का काम करने वाले रुडमल सैनी, कैलाश सैनी, हीरालाल सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि नासिक में लाल प्याज के थोक भाव में प्रति दिन की तेजी है। वहीं क्षेत्रीय मंडियों में 50 -56 रुपए का भाव मिल रहा है। लाल प्याज की खेती से जुड़े बहादुरमल सैनी, गोकुल चन्द, भोमाराम सैनी, शिशराम सैनी, ओमप्रकाश सैनी सहित अन्य ने जानकारी देते हुए बताया कि शुरू में प्याज की लागत ही नहीं मिल रही थी। अब अचानक भावों में आए उछाल से अच्छा मुनाफा मिल रहा है। जिससे स्टॉक में पड़े प्याजो की साफ सफाई करवाई जा रही है व बिक्री के लिए तैयार किया जा रहे हैं। बहादुरमल सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि उदयपुरवाटी उपखंड के पहाड़ी क्षेत्र का लाल प्याज शेखावाटी में नहीं अन्य मंडियों में भी अपना अलग से स्थान रखता है। इसलिए पहाड़ी क्षेत्र के लाल प्याज की मांग हमेशा रहती है। प्याज का काम करने वाले कैलाश सैनी नीमकाथाना ने जानकारी देते हुए बताया कि मंडियों में आवक कम है व खपत अधिक है इसलिए प्याज के भाव बढे हैं। जीतू सैनी, रविंद्र सैनी, कौशल्या देवी सैनी, नानूराम सैनी सहित अन्य किसानों की माने तो प्याज खुदाई के समय सही भाव नहीं मिलने के कारण किसान स्टोरेज नहीं कर पाते। इसलिए वह भाव का इंतजार नहीं करते व सस्ते दामों में ही बेच देते हैं। प्याज के व्यापारी हीरालाल सैनी नीमकाथाना ने बताया कि 15 अक्टूबर तक प्याज की अगेती फसल बाजार में आ जाती है। लेकिन अबकी बार मौसम ने किसानों का साथ नहीं देने के कारण यह फसल लेट हो रही है। इस कारण से प्याज के भाव और भी बढ़ने की उम्मीद है।
