खरीफ फसल की लावणी के बाद अब जिले के नहरी, कूप कृषि क्षेत्र के अलावा पिछले दिनों हुई बारिश के बाद बारानी में रबी फसल की बुवाई का कार्य जोरों पर चल रहा है। बारानी में चना व तारामीरा की फसल के अलावा कूप सिंचित और जो कृषि भूमि नहरी नालों से जुड़ी है वहां गेंहू, जौ, चना, सरसों, तारामीरा व मेथी आदि अन्य फसलों की बुवाई में इन दिनों किसान व्यस्त है।
कुएं के पानी से सिंचित कृषि क्षेत्र है वहां चने, सरसों, जौ व गेंहूं के अलावा मेथी, जीरा, ईशबगोल आदि की खेती का प्रचलन बढ़ा है तो तारानगर व सादुलपुर में चना, सरसों, जौ व गेंहूं की खेती अधिक होती है। अभी पिछले दिनों हुई बारिश और मौसम में आ रहे निरंतर बदलाव को देखते हुए किसानों का रबी की फसल की ओर रूझान बढ़ा है। जिले में कहीं कहीं रबी की फसल की बुवाई कर दी है तो अधिकांश किसान अभी बुवाई में जुटे हुए हैं।
