पिछले कुछ समय से गेहूं के भाव में तेजी का असर दिखाई दे रहा है। करीब एक सप्ताह पहले गेहूं के भाव 2450 से 2550 रुपए प्रति क्विंटल थे। जो 150 से 200 रुपए की तेजी के साथ 2650 से 2750 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि त्योहारी सीजन में खपत बढऩे से गेहूं के भाव प्रभावित हो रहे हैं। वहीं, आगामी दिनों में सावों के दौरान आटे की खपत और भी बढ़ेगी। ऐसे में गेहूं के भाव में और भी तेजी आ सकती है।
मांग बढ़ने से भाव प्रभावित हो रहे :
कृषि उपज मंडी में सीजन के दौरान मार्च से जून तक करीब 20 हजार कट्टे गेहूं की प्रतिदिन आवक होती है। जबकि अभी करीब 1000 से 1500 कट्टे गेहूं की आवक हो रही है। ऐसे में इन दिनों खपत तो बढ़ी है, लेकिन मांग के अनुरूप आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इससे गेहूं के भाव में तेजी बनी हुई है। इसका दूसरा कारण खुले बाजार में गेहूं का सीमित मात्रा में विक्रय करना बताया जा रहा है। जानकारों के अनुसार सरकार की ओर से गेहूं के कम मात्रा में टेंडर करने से डीलर्स को परेशानी हो रही है। इससे गेहूं के भाव में तेजी बनी हुई है।
