तिल्ली के भाव में इस बार तेजी का असर दिखाई दे रहा है। आलनपुर स्थित कृषि उपज मंडी में गत वर्ष तिल्ली के भाव 12 हजार प्रति क्विंटल थे, जो अब 14 हजार 500 से 15 हजार 500 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गए हैं। इसका मुख्य कारण देशभर में तिल्ली की पैदावार कम होने व अंतरराष्ट्रीय टेंडर ऊंचे भाव पर होना बताया जा रहा है। ऐसे में आगामी दिनों में सर्दियों में मांग बढऩे पर तिल्ली के भाव में और भी तेजी आ सकती है।
700 कट्टे की प्रतिदिन आवक
तिल्ली की आवक मुख्य रूप से सितम्बर से नवंबर तक होती है। वहीं, कृषि उपज मंडी में प्रतिदिन करीब 700 कट्टे तिल्ली की आवक हो रही है। जानकारी के अनुसार गत वर्ष भी तिल्ली की आवक 500 से 700 कट्टे की थी लेकिन इस बार पिछली बार की तुलना में भाव में काफी उछाल आया है। कुछ दिन पहले ही तिल्ली का अधिकतम भाव 14 हजार 500 रुपए प्रति क्विंटल था, जो अब एक हजार रुपए की तेजी के साथ 15 हजार 500 रुपए प्रति क्विंटल हो गए हैं।
मण्डी में तिल्ली लेकर पहुंच रहे 150 किसान
आलनपुर रोड स्थित कृषि उपज मण्डी में इन दिनों बाजरा, उड़द, ग्वार व तिल्ली की आवक के साथ रौनक लौटी है। ऐसे में इन दिनों जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से करीब 150 किसान प्रतिदिन मण्डी में तिल्ली लेकर पहुंच रहे हैं। इस बार अच्छी गुणवत्ता की तिल्ली के भाव किसानों को साढ़े पन्द्रह हजार रुपए प्रति क्विंटल तक मिल रहे हैं।
तिल्ली के भाव अंतरराष्ट्रीय टेंडर के आधार पर तय होते हैं। इस बार देश में पैदावार कम होने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में तिल्ली के टेंडर ऊंचे भाव में हुए हैं। ऐसे में तिल्ली के भाव में काफी उछाल आया है। इससे आगामी दिनों में गजक व रेवड़ी सहित तिल्ली से बनने वाले अन्य खाद्य पदार्थों के भाव में भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
