देशभर में कुचेरा क्षेत्र व नागौर जिले का नाम रोशन करने वाली कसूरी पान मैथी के महंगे बीज व मौसमी अनियमितताओं के कारण इसकी बुवाई घटने की किसानों को आशंका सताने लगी है। अक्टूबर के तीसरे सप्ताह में भी दिन का तापमान अधिक रहने व आसमान में बादल छाने से मौसम में गर्मी रहने से किसान पान मैथी की बुवाई को टाल रहे हैं।
तीन गुणा से अधिक बढ़ गए बीज के दाम
पान मैथी के बीज के दाम गत वर्ष की तुलना में तीन गुणा से भी अधिक बढ़ गए हैं। किसानों ने बताया कि गत वर्ष पान मैथी का बीज 15000 से 17000 रुपए प्रति क्विंटल में मिल रहा था। इस बार बीज 60 हजार से 63 हजार रुपए प्रति क्विंटल मिल रहा है। इससे किसानों को पान मैथी का बीज खरीदने व बुवाई में अड़चन का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह है कि ऑफ सीजन में भी पान मैथी का बीज 30 हजार से 40 हजार रुपए प्रति क्विंटल तक बीका था।
चिंता का कारण बनी मौसमी अनियमितताएं: क्षेत्र में असामान्य मौसम पान मैथी बुवाई के इच्छुक किसानों की चिंता का कारण बन रहे हैं। रात में गुलाबी सर्दी, सुबह आसमान में छाए घने काले बादल तो दिन में तेज चटकदार धूप के कारण उच्च तापमान, शाम को फिर आसमान में छाए बादल किसानों की चिंता बढ़ा रहे हैं।
