नवरात्रि के बाद प्याज की कीमतों में अचानक उछाल आ गया। एक हफ्ते में प्याज की कीमतों में लगभग दोगुनी बढ़ोतरी हुई है। यहां अलग-अलग बाजारों में प्याज की कीमतें 70 रुपए किलो तक पहुंच गई हैं। जिससे गरीब की रसोई में प्याज की पहुंच बन्द हो गई है।
मंडी के थोक विक्रेताओं के अनुसार 15 दिनों में प्याज की आवक में गिरावट आ चुकी है। सामान्य दिनों रोजाना लगभग 1 गाड़ी प्याज की आवक होती है। यह आंकड़ा पिछले 15 दिनों में 3 दिन में एक गाड़ी तक गिर गया है। जिससे एक पखवाड़े में ही दाम 20 से बढकऱ 70 तक पहुंच चुके है। जानकारों के अनुसार सबसे ज्यादा प्याज उत्पादन करने वाले राज्यों जैसे महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में सामान्य से कम बारिश के चलते उत्पादन कम हुआ है। साथ ही बेमौसम बरसात के कारण बुआई में भी देरी हुई है। इससे सप्लाई भी देरी से होगी। जिससे सब्जी मंडी में दुकानदार के पास प्याज की मात्रा भी कम होने लगी है।
