Thu, 08 06, 2026
देश

बढ़ते तापमान के चलते सरसों की बुवाई प्रभावित, किसान परेशान:

सरसों की अगेती फसल होने लगी खराब

post-img

मौसम का बदलता मिजाज आमजन के साथ- साथ किसानों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। पिछले एक सप्ताह से तापमान 38 डिग्री के आस-पास बना हुआ है। इसके चलते दोपहर के न्यूनतम तापमान में भी 5 से लेकर 8 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज हुई है।
अक्टूबर महीने में मौसम का यह गर्म मिजाज लोगों को अप्रैल महीने का अहसास करवा रहा है। उधर खेती कार्यों में जुटे किसानों व मजदूरों के लिए यह गर्मी किसी आफत से कम नहीं है। तापमान की बढ़ोतरी का असर सरसों की अगेती फसल में देखने को मिल रहा है। कई जगहों पर तो बिजाई के बाद सरसों अंकुरित होने के साथ ही झुलसने लगी है।
कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को इस मौसम के मद्देनजर सरसों की बुवाई थोड़े विलंब से शुरू करने की सलाह दी है। किसान रामसिंह, हरिसिंह, लक्ष्मण, रामवतार, जगदीश व रामस्वरूप आदि ने बताया कि उन्होंने सितंबर के आखिरी सप्ताह में सरसों की बुवाई की थी, लेकिन गर्मी बढ़ने से सरसों उगाव के दौरान ही झुलसने लगी है। काफी संख्या में पौधे मुरझाकर खत्म हो चुके हैं। कृषि वैज्ञानिकों का कहना है कि आगामी दो या तीन दिन में बारिश के आसार बन रहे हैं, जिसके बाद तापमान में कमी आ सकती है।

Related Post