चूरू। चूरू जिले के राजलदेसर में पति-पत्नी के सम्बन्धों को तार तार कर देने वाला मामला सामने आया है। एक कलयुगी पति ने निर्ममता की हदें पार करते हुए पत्नी को कुल्हाड़ी से काटकर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद आरोपी स्वयं भी जीवित नहीं रहा और ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। यह सनसनीखेज मामला सामने आया है थाना क्षेत्र के गांव पायली में सुबह घरेलू बात को लेकर पति पत्नी में झगड़ा हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि पति ने गुस्से में आकर पत्नी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। घटना के बाद पति ने गांव के पास बने रतनगढ़-बीकानेर रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आगे कूद कर आत्महत्या कर ली। वहीं घायल पत्नी विमला की बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर राजलदेसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से घटना की जानकारी ली ।राजलदेसर थानाधिकारी रतनलाल ने बताया कि पायली निवासी छगनलाल मेघवाल (30) गुरूवार रात घर आकर खाना खाकर सो गया था। शुक्रवार सुबह किसी बात को लेकर उसका अपनी पत्नी विमला (25) से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। दोनों में बात इतनी बढ़ गई कि छगनलाल ने कुल्हाड़ी से विमला पर हमला कर दिया। उसने करीब आधा दर्जन वार कर विमला को लहूलुहान कर दिया। घटना के बाद छगनलाल घर से भाग गया। कुल्हाड़ी के हमले से घायल विमला के चीखने पर उसकी सास दौड़कर आई। कमरे में बिखरा खून और लहूलुहान हालत में बहू को देखकर सास ने अपने अन्य दो बेटों और पड़ोसियों को मदद के लिए बुलाया। गंभीर हालत में विमला को टेम्पो से रतनगढ़ के गवर्नमेंट जालान अस्पताल पहुंचाया। इसी दौरान छगनलाल ने गांव में बने रतनगढ़-बीकानेर ट्रेक पर जाकर ट्रेन के आगे कूदकर सुसाइड कर लिया। वहीं डॉक्टरों ने विमला को प्राथमिक इलाज के बीकानेर रैफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। थानाधिकारी ने बताया कि शुक्रवार सुबह सूचना मिली कि पायली निवासी 30 वर्षीय छगनलाल ने ट्रेन के सामने कूदकर सुसाइड कर सूचना के बाद मौके पर पहुंच कर रेलवे ट्रैक से शव को उठाकर गवर्नमेंट अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया है। जहां रिपोर्ट दर्ज होने के बाद उसके शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। घटना के बाद परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि छगनलाल की शादी करीब डेढ़ साल पहले रतनगढ़ तहसील के गांव हरदेसर की विमला के साथ हुई थी। दोनों सामान्य रूप से जीवन जी रहे थे। मगर अचानक ऐसा क्या हुआ कि उसने विमला पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया और खुद सुसाइड कर लिया। इसके बारे में किसी को कुछ पता नहीं है। घटना की जानकारी को लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है।
