Thu, 08 06, 2026
देश

किराए के कमरे में 12वीं के छात्र ने फंदा लगाकर की आत्महत्या:

पंखे से लटका मिला शव, पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा

post-img

गंगापुर सिटी। उदेई मोड़ क्षेत्र में किराए के कमरे में रहकर पढ़ाई कर रहे 16 वर्षीय छात्र ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना बुधवार देर रात की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर राजकीय अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अरविंद बैरवा (16) पुत्र हंसराज बैरवा, निवासी गंडाल गांव के रूप में हुई है। अरविंद उदेई मोड़ स्थित प्रताप नगर कॉलोनी में किराए के कमरे में रहकर एक निजी विद्यालय में 12वीं कक्षा की पढ़ाई कर रहा था।

बताया जा रहा है कि बुधवार रात पड़ोसियों ने उसे आवाज लगाई, लेकिन कमरे का दरवाजा नहीं खुला। संदेह होने पर उन्होंने अंदर देखा तो अरविंद पंखे से फंदे पर लटका मिला। इसके बाद मकान मालिक ने तत्काल उदेई मोड़ थाना पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे पोस्टमार्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखवाया गया।

उदेई मोड़ थाना पुलिस के एएसआई कमल ने बताया कि गुरुवार को परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराकर शव उन्हें सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Post